उदयपुर। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को शहर के हिरण मगरी पुलिस थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था, शिकायत निवारण प्रणाली एवं थाना परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
थानाधिकारी भरत योगी ने जिला कलेक्टर को वार्षिक प्रतिवेदन की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें थाना क्षेत्र में वर्ष भर में दर्ज प्रकरणों, निस्तारण दर, जनता के प्रति उत्तरदायित्व तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई पहलों का विवरण प्रस्तुत किया गया।
कलेक्टर मेहता ने थाने द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए सतत संवाद और संवेदनशील कार्यप्रणाली अपनाने पर बल दिया। इससे पूर्व थाना परिसर पहुँचने पर थाने के जवानों ने जिला कलेक्टर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।