GMCH STORIES

महाराणा जय सिंह की आज ३६७वीं जयन्ती

( Read 12027 Times)

09 Jan 21
Share |
Print This Page
महाराणा जय सिंह की आज ३६७वीं जयन्ती

उदयपुर।  मेवाड के ५९वें श्री एकलिंग दीवान महाराणा जय सिंह जी (राज्यकाल १६८०-१६९८ ई.स.) का जन्म पौष कृष्ण एकादशी, विक्रम संवत् १७१० को हुआ था। महाराणा जयसिंह जी की आज ३६७वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में महाराणा मेवाड चेरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर की और से पूजा-अर्चना रखी जाएगी।

महाराणा राजसिंह (प्रथम) के बाद उनके सुपुत्र महाराणा जयसिंह ने १६८० ई. में मेवाड का राज्यकार्य संभाला। महाराणा जयसिंह की पाण्डुलिपि चित्रण में बहुत रूचि थी। महाराणा जयसिंह के शासनकाल में चित्रकारों ने साहिबद्दीन और मनोहर की चित्रशैली को निरन्तर बनाये रखा। इनके शासनकाल में गजेन्द्रमोक्ष श्ाृंखला पूरी हुई, जिसे महाराणा राजसिंह प्रथम के समय आरम्भ किया था। इसके अतिरिक्त महाभारत श्ाृंखला (१६९०-१७००), भगवद् गीता श्ाृंखला (१६९०-१७००), रघुवंश श्ाृंखला (१६९०-१६९५), कादम्बरी श्ाृंखला (१६९०-१६९५), पंचतंत्र श्ाृंखला (१६९०-१७००), पृथ्वीराज रासो श्ाृंखला (१६९०) आदि का चित्रण किया गया था।

महाराणा जयसिंह ने विश्व प्रसिद्ध मानव निर्मित मीठे पानी की झील जयसमुंद्र का निर्माण १६८६-१६९१ के बीच करवाया था। झील पर संगमरमर के छह सुन्दर हाथी लगे हुए हैं। वर्षा जल से जब झील भर जाती है तब ये हाथी पानी में डूब जाते हैं। वि.सं. १७४८ ज्येष्ठ सुदी पंचमी (ई.स. १६९१, २२ मई) को महाराणा जयसिंह जी ने तालाब की प्रतिष्ठा करवाई और स्वर्ण तुलादान किया था। इस बांध पर नर्मदेश्वर शिव मन्दिर भी है, जिसका निर्माण भी महाराणा जयसिंह द्वारा शुरू किया गया लेकिन वह अपने जीवनकाल में इसे पूरा नहीं कर पाए। महाराणा जयसिंह ने १६८७ में थूर के पास एक तालाब भी बनवाया। उन्होंने कृष्ण विहार गार्डन (वर्तमान में उदयपुर केन्द्रीय कारागृह) और राजमहल में यश मन्दिर का निर्माण करवाया। महाराणा जयसिंह शांतिप्रिय, दानी, धर्मनिष्ठ और उदारवादी थे।

महाराणा मेवाड चेरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर के प्रशासनिक अधिकारी भूपेन्द्र सिंह आउवा ने उक्त ऐतिहासिक जानकारियों के साथ बताया कि वर्तमान में कोरोना महामारी के चलते महाराणा की जयंती पर किसी प्रकार के आयोजन नहीं रखे जाऐंगे।

 

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Udaipur News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like