राजसमंद | शहर से सटी सांगठ पंचायत के पुनावली राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के 77 बच्चों की सोमवार को फूड प्वाइजनिंग से तबीयत बिगड़ गई। सभी पहली से आठवीं तक के बच्चे हैं।
जी घबराने, उल्टी-दस्त, सिर दर्द और चक्कर आने की शिकायत पर इन्हें आरके अस्पताल में भर्ती करवाया। बच्चों ने सुबह आठ बजे दूध और करीब दस बजे अक्षय पात्र से भेजा मिड डे मील खाया था।
करीब साढ़े ग्यारह बजे एक-एक कर इनकी तबीयत बिगड़ने लगी। प्रारंभिक तौर पर बर्तनों की सही सफाई नहीं होने से फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
अभिभावकों का आरोप है कि तबीयत खराब होने पर स्कूल प्रशासन ने इन्हें अस्पताल ले जाने बजाय घर जाने की छुट्टी दे दी।
इस पर उन्होंने आक्रोश जताया।सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पहली कक्षा के नरेश गमेती को चक्कर आने और उल्टी होने की शिकायत पर अध्यापकों ने स्कूल के पास ही आयुर्वेद अस्पताल में डॉक्टर सुखराम को दिखाया।