जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा ने इसकी पुष्टि की है कि उन्होंने ही गुप्ता परिवार को मीडिया एम्पायर खड़ा करने की सलाह दी थी।
अब वह एम्पायर ध्वस्त हो चुका है। जुमा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में वैकल्पिक मीडिया का विचार उनका था क्योंकि देश की मीडिया बहुत ज्यादा भेदभावपूर्ण थी और हर वक्त आलोचनात्मक रूख रखती थी।
जुमा के कार्यकाल में हुई गड़बड़ियों के आरोपों की जांच कर रहे जोंडो आयोग के सामने सोमवार को अपनी गवाही में जुमा ने यह बात कही।
जुमा ने कहा कि अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस कुछ मीडिया संस्थानों को विकल्प के तौर पर स्थापित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उनके साथ साझेदारी के बावजूद ऐसा नहीं हो सका है।
उन्होंने तब एक अखबार शुरू करने की सलाह दी जिसे एएनसी ने मान लिया।
