GMCH STORIES

वर्ष 2021 वैश्विक एकजुटता और जीवित रहने का वर्ष होगा। यह कार्रवाई के दशक का अग्रदूत होगा

( Read 15996 Times)

18 Jan 21
Share |
Print This Page
वर्ष 2021 वैश्विक एकजुटता और जीवित रहने का वर्ष होगा। यह कार्रवाई के दशक का अग्रदूत होगा

केन्द्रीय स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने आज विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड के 148वें सत्र की डिजिटल रूप से अध्यक्षता की और संबोधित किया।

उनका उद्घाटन भाषण निम्नलिखित थाः

कार्यकारी बोर्ड के माननीय सदस्यो, माननीय मंत्रियो, महामहिम और सदस्य देशों के प्रतिनिधि, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक, विश्व स्वास्थ्य सगंठन दक्षिण पूर्व एशिया के क्षेत्रीय निदेशक और अन्य क्षेत्रीय निदेशक, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के प्रमुख और प्रतिनिधि तथा भागीदार संगठन।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड के 148वें सत्र में आप सभी का स्वागत है। 2021 में यह हमारी पहली बैठक है और हम सभी देख सकते हैं कि आशावाद का प्रभात दिखाई दे रहा है।

आप सभी को और आपके परिवारों तथा आपके देशों की जनता को स्वस्थ, सुरक्षित और सफल नववर्ष 2021 की मेरी शुभकामनाएं।

यह स्वभाविक है कि हम यहां सब एकत्रित हैं, हम रोग के कारण जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करें और जो जीवित रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा वे जिनका जीवन और आजीविका संकट से प्रभावित हुई है, उनके साथ एकजुटता व्यक्त करें।

हमें चिकित्सा पेशेवरों, वैज्ञानिकों और अनुसंधानकर्ताओं तथा महामारी से निपटने के लिए कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विश्व भर में काम कर रहे कर्मियों का धन्यवाद करने का अवसर नहीं भूलना चाहिए।

हम सभी जानते हैं कि वर्ष 2020 संपूर्ण विश्व के लिए कितना कठिन रहा और किस प्रकार मानवता ने अपनी पूरी ताकत से संकट का मुकाबला किया, लेकिन यह वर्ष ऐसा रहा जिसमें विज्ञान की बुद्धिमत्ता और प्रमाण को विवेकपूर्ण तरीके से अपनाया गया। मैं वर्ष 2020 को विज्ञान का वर्ष कहूंगा, जिसमें अद्वितीय वैज्ञानिक उपलब्धियां हासिल की गईं। 12 महीनों से कम समय में अनुसंधानकर्ताओं ने एक नई बीमारी को समझा, नये वायरस जीनोम का अनुक्रमण किया, निदान विकसित किया, उपचार के प्रोटोकॉल तैयार किए और क्रमरहित नियंत्रित परीक्षणों में दवाओं और वैक्सीन की प्रभावशीलता स्थापित की।

वैज्ञानिकों और अनुसंधानकर्ताओं की प्रतिभा को हम सलाम करते हैं। हमने वैश्विक वैज्ञानिक सक्षमता को देखा है जिसने समय की कमी के बावजूद कम से कम समय में वैक्सीन प्रदान करने का अपना वादा पूरा कर एक इतिहास बनाया।

वर्ष 2020 को विज्ञान का वर्ष कहा जा रहा है तो वर्ष 2021 वैश्विक एकजुटता और जीवित रहने का वर्ष होगा। मुझे विश्वास है कि यह वर्ष कार्रवाई के दशक का अग्रदूत होगा।

कई देशों में अभूतपूर्व गति से सफलतापूर्वक कोविड-19 वैक्सीन बनाए जा रहे हैं, प्रमुख उपलब्धियां सामने आ रही हैं, तकनीकी निवेश का उछाल देखा जा रहा है और डिजिटल प्रौद्योगिकियां अपनाई जा रही हैं।

मैं आशा व्यक्त करना चाहता हूं कि इस वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न अभूतपूर्व संकट के कष्ट में कमी आएगी और समर्पित राजनीतिक नेतृत्व तथा सतत् वैश्विक सहयोग और एकजुटता के माध्यम से सफलतापूर्वक संकट के प्रभाव को निष्क्रिय किया जाएगा।

इस वर्ष हम अधिक वैज्ञानिक और श्रेष्ट प्रक्रियाओं के उपयोग से महामारी में कमी लाने और इसे हराने के लिए सघन अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का प्रभाव देखेंगे।

यह वर्ष आशा लेकर आया है। हाल ही में कोविड-19 वैक्सीन की सफलताएं आशा की किरण बन रही हैं। यह आशा की किरण प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। हमें समझना होगा कि निर्धन और अधिक कमजोर लोगों पर महामारी का अधिक दुष्प्रभाव हुआ है और यह दुष्प्रभाव परिश्रम से प्राप्त विकास के फायदों पर विपरीत असर डालेगा और सतत् विकास लक्ष्य प्राप्त करने की गति में बाधा उत्पन्न करेगा। इसलिए हमें कोविड के वैक्सीन का समुचित और समान वितरण सुनिश्चित करना होगा।

जहां तक आभार का प्रश्न है, मैं कोविड-19 के फैलाव को सीमित और नियंत्रित करने की वैश्विक कार्रवाई के समन्वय में विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी कर्मचारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करना चाहूंगा।

आपकी आज यहां उपस्थिति से विश्व स्वास्थ्य संगठन के शासन में सक्रिय रूप से संलग्न होने की आपकी वचनबद्धता प्रदर्शित होती है। वैश्विक जन स्वास्थ्य नेताओं के रूप में विश्व स्वास्थ्य संगठन कार्यकारी बोर्ड का यह मंच अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह हम सब को एक साथ रखता है और हमें दिशाओं और कार्यसूची तय करने का अवसर प्रदान करता है। इसके अलावा हमें स्वास्थ्य के उद्देश्य के लिए प्रयास करते रहने का भी अवसर देता है।

हम सभी जानते हैं कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के सदस्य देशों के कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प ने अनगिनत लोगों का जीवन बचाया है। जन स्वास्थ्य में सुधार किया है और जीवन प्रत्याशा बढ़ाई है।

हमारे सात दशक के कार्य को परिभाषित करने वाला एकजुटता और सहयोग कोविड-19 कार्रवाई का केन्द्र बिन्दु रहा है। कोविड-19 की कार्रवाई पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रस्ताव में व्यक्त मूल्यों ने विश्व स्वास्थ्य संगठन और इसके सदस्य देशों के कार्य को दिशा-दर्शन देना जारी रखा है तथा इस सत्र के दौरान कार्यान्वयन की प्रगति से हमें अवगत कराया जाएगा।

कोविड-19 ने स्वास्थ्य में निवेश और विश्व स्वास्थ्य संगठन को सतत् राशि के आह्वान की आवश्यकता को स्पष्ट किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संगठन जन स्वास्थ्य की आवश्यकताओं के लिए पूर्ण कार्रवाई कर सकता है और बजट में किसी प्रस्तावित वृद्धि की आवश्यकता के लिए कोविड-19 के वैश्विक अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पर विचार करने की आवश्यकता होगी।

हम सब जानते हैं कि महामारी ने विश्व भर में देशों की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है। यद्यपि इसने एक अवसर भी प्रस्तुत किया है, जिसमें सरकारों, भागीदारों और दानकर्ताओं की वैश्विक कार्यसूची में स्वास्थ्य को केन्द्र बिन्दु में रखा गया है।

कोविड-19 ने एक ऐसा नया लेंस प्रदान किया है, जिससे यह देखा जा सकता है कि किस तरह स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और क्या हासिल किया जाना संभव है। किस प्रकार हम एक पीढ़ी में एक बार के अवसर का लाभ अपनी कमियों को महसूस करने और साथ ही अवसरों से लाभ उठा सकें।

मैंने इससे पहले के अवसरों पर बताया और अब बोर्ड के अध्यक्ष के नाते दोहराना चाहूंगा कि मेरा फोकस सबके लिए विशेष रूप से निर्धन की स्वास्थ्य की रक्षा करने के लिए समान  वाजिब और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं पर है।

आप मुझ से सहमत होंगे कि जो हमने किया है, उसमें सदैव सुधार की गुंजाइश रहती है। हम बीते समय से सीख लेकर और भविष्य की कल्पना करते हुए स्वयं में सुधार कर सकते हैं। हमें देखना है कि क्या हमने बेहतर किया और बेहतर कल के लिए हम कौन से सुधार कर सकते हैं।

हम इस तथ्य में संतोष प्राप्त कर सकते हैं कि हमने लचीलेपन से अभूतपूर्व चुनौतियों का मिलकर मुकाबला किया। हालांकि हम अनिश्चित्ताओं में उलझे थे और यह भी एक तथ्य है कि प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान कुछ असफलताओं के बावजूद आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहीं।

यद्यपि हमें आगे बढ़ने के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। प्रत्येक देश को अपनी वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्था की शक्ति और राष्ट्रीय नीतियों तथा कार्यक्रमों के आधार पर जन स्वास्थ्य के प्रबंधन में अनूठे दृष्टिकोण से काम करना होता है, मुझे विश्वास है कि हम मिलकर सामूहिक चर्चा के अनुरूप सुधार जारी रख सकेंगे।

महामारी के प्रति कार्रवाई तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण रही है तथा हमें निरंतर जारी कार्रवाई और स्वस्थ होने के चरण से आगे अपना श्रेष्ठ योगदान देना जारी रखना होगा।

इससे पहले कि मैं अपना कथन समाप्त करूं, मैं महानिदेशक और क्षेत्रीय निदेशकों की विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी सदस्यों के कार्यबल को 2020 का महानिदेशक उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान करने के निर्णय की सराहना करना चाहूंगा। महामारी की कार्रवाई में विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी कर्मचारियों के सहयोग और अपेक्षित उपलब्धि में अद्वितीय योगदान के कारण वास्तव में यह एक सोचा समझा निर्णय है।

मित्रो, इस वर्ष की शुरुआत एक विनम्र अनुभव रही है। विगत 20 दिन विज्ञान और मानवता की विजय के रहे हैं। विश्व के कई देशों में लोगों को वैक्सीन दी जा रही हैं और यह अत्यंत उल्लासपूर्ण है। आशाएं अधिक हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ सीखने को है और कई बाधाओं को पार करना है। कोविड-19 के नये मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए संतोष की कोई गुंजाइश नहीं है।

आज मैं आप सभी से विशेष परिस्थितियों में लोगों और समाज को सहायता देने की वचनबद्धता दोहराएं, विशेष रूप से निर्बल और अत्यंत कमजोर व्यक्तियों के लिए। यह भी स्वीकार करें कि सरकारों ने एकजुटता और आपसी सहयोग की भावना के साथ अन्य लोगों को सहायता दी है।

आइये आज हम कार्रवाई के दशक और सतत् विकास के लिए वचनबद्धता का संकल्प लें और महामारी के प्रति समन्वित वैश्विक कार्रवाई करने के लिए अथक प्रयास जारी रखें।

आज सभी सरकारें चुनौती का बखूबी सामना करेंगी, तभी तीव्र विकास और उच्च जीवन स्तर लोगों की पहुंच के भीतर होगा। वर्ष 2020 दर्द की आह के साथ शुरू हुआ था, परंतु सही नीतियों के कारण यह दशक राहत के शुभ संकेत के साथ समाप्त हुआ।

मैं एक बार फिर मुझमें विश्वास व्यक्त करने के लिए आप सब का धन्यवाद करता हूं और इस सत्र में सार्थक चर्चा की अपेक्षा करता हूं।

आप सभी को संबोधित करने का अवसर प्रदान करने के लिए अनेक धन्यवाद। धन्यवाद


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Health Plus
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like