नई दिल्ली। मौसम की बदली परिस्थितियों के बीच राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन जारी है। जबकि पहाड़ों में बर्फबारी का सिलसिला अब भी नहीं थमा है।
गुरुवार को दिल्ली में फिर से शीतलहर का प्रकोप हो सकता है। सुबह शाम ही नहीं, दिन के समय भी ठिठुरन भरी ठंड होने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उप्र में भी कुछ इसी तरह का मौसम का मिजाज रहा। पंजाब के कई जिलों में बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चला। खुलकर धूप नहीं निकलने से ठिठुरन बढ़ गई।
हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर रंग बदला और बुधवार दोपहर बाद रोहतांग सहित मनाली की ऊंची चोटियों में हल्के हिमपात का क्रम शुरू हो गया। निचले इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे लाहुल सहित पर्यटन नगरी मनाली में ठंड का माहौल रहा।