GMCH STORIES

धीरज और धैर्य से मिलती है सफलता: आचार्यश्री

( Read 19886 Times)

08 Dec 17
Share |
Print This Page
धीरज और धैर्य से मिलती है सफलता: आचार्यश्री
उदयपुर,अशोक नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर में बिराजित आचार्यश्री सुनीलसागरजी महाराज ने प्रात:कालीन धर्मसभा में कहा कि धीरे- धीरे रे मना धीरे सब कुछ होय, माली सींचे सौ घड़ा ऋतु आये फल होय। कोई भी कार्य हो अगर उसमें सफलता हासिल करनी है तो आपको धैर्य तो रखना ही पड़ेगा। किसान भी बीज बोते ही फसल की कामना नहीं करता है। फसल पकने में समय लगता है लेकिन उसके पहले धैर्य से मेहनत करनी पड़ती है। किसी भी कार्य का तुरन्त ही फल मिल जाए यह सम्भव नहीं है। हर चीज का एक समय होता है। समय आने पर ही वह हासिल की जा सकती है। लेकिन जब तक वो समय आये उसका इन्तजार करना पड़ता है। इन्तजार वो ही कर सकता है जिसके पास धैर्य है- धीरज है। आम का पौधा रोपा और चाहो कि यह कल से ही आम देने लग जाए सम्भव नहीं है। आप कहो कि इसे 20 घड़े पानी रोज पिला देता हूं, यह आम जल्दी देने लग जाएगा, ऐसा भी नहीं होता है उल्टे आम का पौधा ही गल कर नष्ट हो जाएगा। कहने का मतलब है कि छोटे-छोटे काम भी एकदम से नहीं होते हैं तो फिर बड़े काम के सफल होने में तो समय लगता ही है। इसीलिए कहते हैं कि सफलता अगर हासिल करनी है धीरज और धैर्य से काम लें।
आचार्यश्री ने कहा कि कोई अगर यह सोच ले कि मैंने यह नया काम शुरू किया है और एक साल में ही मैं इसमें सबसे सफल हो जाऊं और चारों और मेरा नाम हो जाए। ऐसा भी नहीं हो सकता है। पुरूषार्थ और मेहनत करना तो आपका काम है लेकिन उसका फल मिलना, कैसा मिलना और कितना मिलेगा यह आपके हाथ में नहीं होता है। आप तो पुरूषार्थ करते रहो, अपने आपको परिपक्व बनाओ और धैर्यतापूर्वक अपने कर्म को करते रहिये, सफलता मिलेगी जरूर मिलेगी। अति किसी भी जगह पर स्वीकार्य नहीं होती है। तेज गति से कमाया धन और अकस्मात मिला प्रेम डूबता ही है, टूटता ही है। किसी पर भी अचानक विश्वास कर लेना भी नुकसानदायक होता है।
अध्यक्ष रोशन चित्तौड़ा एवं व्यवस्थापक अजीत मानावत ने बताया कि धर्मसभा से पूर्व प्रात: मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन हुआ। समिति के अशोक गोधा गजेन्द्र मेहता ने बताया कि प्रात: शांतिधारा, नियनियम पूजा, शास्त्र भेंट, चित्र अनावरण एवं आचार्यश्री के पाद प्रक्षालन जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के बाद धर्मसभा प्रारम्भ हुई।
शनिवार को फतहसागर स्थित टाया पैलेस में होंगे प्रवचन: महामंत्री सुरेश पदमावत ने बताया कि शनिवार 9 दिसम्बर को प्रात: 8.30 बजे फतहसागर की पाल पर स्थित टाया पैलेस में आचार्यश्री सुनीलसागरजी महाराज के प्रवचन होंगे। प्रवचन से पूर्व आचार्यश्री ससंघ अशोक नगर से फतहसागर स्थित टाया पैलेस में पहुंचेंगे। प्रवचन से पूर्व वहां पर नितनियम पूजा एवं शांतिधारा होगी।
Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : English News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like