GMCH STORIES

हर रंग देगा सेहत की सौगात

( Read 11816 Times)

16 Jan 15
Share |
Print This Page
इंद्रधनुषी रंग हमारे जीवन को खूबसूरत तो बनाते ही हैं, हमारे भोजन में अगर ये सही मात्रा में शामिल हों तो शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान भी बनाते हैं। ये सेहत पर कैसे डालते हैं असर, बता रही हैं ममता अग्रवाल

रंगों के इस्तेमाल से की जाने वाली चिकित्सा पद्धति बरसों पुरानी है। हर रंग किसी खास समस्या में लाभ देता है। सतरंगी रंगों के भोजन से सजी थाली देखने में ही इतनी सुंदर लगती है कि उसे देखते ही भूख बढ़ जाती है। विभिन्न रंगों के भोजन को थाली में नियमित रूप से शामिल करके स्वस्थ रहा जा सकता है। यह इस बात का संकेत है कि हमारा भोजन हर प्रकार के पोषण से परिपूर्ण है।

डाइटीशियन सोनिया नारंग के अनुसार, ‘हमारे शरीर में सात चक्रों में ऊर्जा प्रवाहित होती है। कलर थेरेपी हमारे शरीर के इन चक्रों को संतुलित करती है। हर चक्र एक खास रंग का प्रतिनिधित्व करता है। अपने भोजन में इन रंगों को शामिल करके इन चक्रों को संतुलित किया जा सकता है। यह केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि हमारे मानसिक, भावनात्मक और बौद्धिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। पीले, हरे और नीले रंगों के खाद्य पदार्थ शरीर और ऊर्जा के स्तर को स्वस्थ और संतुलित रखने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। इन्हें अपने भोजन में प्रचुर मात्रा में शामिल करने की कोशिश करें। लाल, बैंगनी, और नारंगी रंगों के खाद्य पदाथरें को सीमित मात्रा में लिया जाना चाहिए।’

सेहत हो जाएगी सतरंगी
नीला और बैंगनी - जामुन, अंगूर, ब्लूबेरी और बैंगन जैसी चीजों के रूप में हम अपने भोजन में नीला और बैंगनी रंग को शामिल कर सकते हैं। इनमें ल्यूटेन, ऐलेगिक एसिड, फाइबर आदि कई प्रकार के पोषक तत्व होते हैं। ये रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने, कैल्शियम और खनिज के अवशोषण और पाचन शक्ति को सुधारने में मदद करते हैं।

हरा - हमारे शरीर को इस रंग के भोजन की भरपूर मात्रा में जरूरत होती है। हरी सब्जियों के रूप में हरे रंग को अपने आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है। हरी सब्जियों में मौजूद क्लोरोफिल, पौधों की तरह हमारे शरीर में भी ऊर्जा भरता है। इनसे भरपूर मात्रा में विटामिन ए, सी, कैल्शियम, फाइबर आदि कई पोषक तत्व मिलते हैं। हरी सब्जियां आंखों की रोशनी को सुधारने, रक्तचाप और कॉलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने और कैंसर पैदा करने वाले फ्री-रेडिकल्स को नष्ट करने में मदद करती हैं।

लाल - लाल रंग के खाद्य पदार्थों की बात करते ही टमाटर, अनार, स्ट्रॉबेरी, तरबूज, गाजर, चेरी जैसी चीजें याद आ जाती हैं। ये सभी पोषण से भरपूर हैं। खासतौर पर अनार तो आहार विशेषज्ञों का पसंदीदा है। विटामिन सी, विटामिन बी, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर अनार त्वचा को खूबसूरत और चमकदार बनाने में सहायक होता है। टमाटर में मौजूद लाइकोपीन दिल की सेहत को सुधारने और प्रोस्टेट कैंसर से बचाव में सहायक है।

पीला - आम, अन्ननास, नीबू, पीली शिमला मिर्च, सरसों, पपीता आदि के रूप में पीले खाद्य पदार्थों को अपने आहार का हिस्सा बनाएं। बीटा कैरोटीन, पोटैशियम, विटामिन सी आदि कई पोषक तत्वों से भरपूर पीले रंग के आहार से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। ये त्वचा के लचीलेपन के लिए जरूरी कोलाजन के निर्माण और हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। इनमें ब्रोमीलेन भी पाया जाता है, जो सूजनरोधी गुण के कारण गठिया की समस्या में लाभ पहुंचाता है।

नारंगी - कद्दू या सीताफल, संतरा, पीली गाजर जैसी नारंगी रंग की फल-सब्जियों में बीटा कैरोटीन नाम का फाइटोन्यूट्रिएंट होता है, जो विटामिन ए के रूप में परिवर्तित हो जाता है। सीताफल की एक कटोरी सब्जी से चार गुणा जरूरी विटामिन ए और विटामिन सी मिल जाता है। यह नेत्रहीनता और मांसपेशियों की क्षति के खतरे को कम करता है। विटामिन सी और ए से भरपूर संतरे में फोलेट भी होता है जो दिल की बीमारियों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी बीमारियों के खतरे को कम करता है।

सफेद - मूली, लहसुन, गोभी, सफेद प्याज जैसे सफेद खाद्य पदार्थ शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने, वायरल और फंगल संक्रमणों और सूजन को कम करने में फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें मौजूद पोषक तत्व कोलोन, ब्रेस्ट और प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करते हैं और हार्मोन के संतुलन को बनाए रखते हैं।

इस प्रकार करें इन्हें शामिल
अपने भोजन में जितना हो सके उतने रंगों के आहार को शामिल करने की कोशिश करें। आपकी यह कोशिश आपको इस बात की गारंटी देगी कि आप और आपका परिवार एक सेहतमंद जिंदगी जी सके। अपने दिन की शुरुआत टमाटर, गाजर और चुकंदर के लाल-नारंगी जूस से कर सकती हैं। दोपहर के भोजन में सलाद के रूप में विभिन्न रंगों की सब्जियां ली जा सकती हैं। पीली शिमला मिर्च, हरी ब्रोकली, बीन्स, पत्ता गोभी आदि मिक्स वेजिटेबल के रूप में ले सकती हैं या इन्हें रायता, दलिया, खिचड़ी में शामिल किया जा सकता है। विभिन्न रंगों के फलों से बने शेक्स स्वादिष्ट होने के साथ ही पोषण की जरूरत को भी पूरा करते हैं।

This Article/News is also avaliable in following categories : Tech News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like