श्रीलंका के खिलाफ श्रीसंथ की वापसी
|
This story has been read 490 times.
|
Share |
|
Wednesday 11 Nov, 2009 10:46 AM
मुंबई। तुनकमिजाजी के कारण अक्सर परेशानी में पड़ने वाले तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ ने श्रीलंका के खिलाफ 16 नवंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों में भारत की 15 सदस्यीय टीम में वापसी की है जबकि तेज गेंदबाज जहीर खान भी फिट होकर लौटे हैं।
कंधे की चोट से उबरे जहीर की वापसी तय थी लेकिन श्रीसंथ को टीम में श मिल करने का फैसला चौकाने वाला रहा। जहीर चोट के कारण श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज और चैंपियंस ट्राफी नहीं खेल सके थे। महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी वाली टीम में तमिलनाडु के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और मध्यक्रम के बल्लेबाज एस बद्रीनाथ को शामिल किया गया है जबकि तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और मुनाफ पटेल को जगह नहीं दी गई। बीसीसीआई सचिव एन श्रीनिवासन ने चयन समिति की बैठक के बाद टीम की घोषणा की।
श्रीसंथ के चयन पर सवाल उठने तय हैं क्योंकि केरल के इस तेज गेंदबाज ने पीठ की चोट से उबरने के बाद घरेलू क्रिकेट में उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं किया है। इसके अलावा अनुशासनहीनता के उनके मामलों से आजिज आकर हाल ही में बीसीसीआई ने उन्हें बर्ताव सुधारने की ताकीद भी की थी। श्रीसंथ ने आखिरी टेस्ट कानपुर में अप्रैल 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। भारत ने इस साल आखिरी टेस्ट अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। वह सीरीज खेलने वाले लक्ष्मीपति बालाजी, विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक और धवल कुलकर्णी को टीम में जगह नहीं मिल सकी है।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज खेल रहे बल्लेबाज सुरेश रैना, विराट कोहली, हरफनमौला रविंद्र जडेजा और तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार के नाम पर विचार नहीं किया गया। राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण ने अपनी जगह बरकरार रखी है। श्रीसंथ की वापसी के अलावा टीम चयन में कोई और चौकाने वाला फैसला नहीं है। टीम में आठ विशेषज्ञ बल्लेबाज, तीन तेज गेंदबाज, तीन स्पिनर और एक विकेटकीपर [धौनी] हैं। जहीर की वापसी से तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा क्योंकि ईशांत शर्मा फार्म में नहीं चल रहे हैं। आफ स्पिनर हरभजन सिंह और अमित मिश्रा के साथ प्रज्ञान ओझा स्पिन आक्रमण का मोर्चा संभालेंगे।
वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर पारी की शुरुआत करेंगे जबकि मुरली विजय रिजर्व होंगे। मध्यक्रम में द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, लक्ष्मण और युवराज सिंह हैं। भारत को पहला टेस्ट 16 नवंबर से अहमदाबाद में खेलना है। दूसरा टेस्ट 24 नवंबर से कानपुर में और तीसरा दो दिसंबर से मुंबई में खेला जाएगा। इसके बाद दो ट्वंटी-20 मैच और पांच वनडे खेले जाएंगे।
टीम: महेंद्र सिंह धौनी [कप्तान], वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, अमित मिश्रा, जहीर खान, ईशांत शर्मा, एम विजय, प्रज्ञान ओझा, एस श्रीसंथ और एस बद्रीनाथ।
साभार / स्त्रोत -
|