सूबे के 12 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान आज
|
This story has been read 319 times.
|
Share |
|
Saturday 07 Nov, 2009 09:50 AM
लखनऊ। एक लोकसभा और 11 विधानसभा सीटों पर शनिवार को वोट डाले जाएंगे। मतदान सबेरे आठ बजे से शुरू होगा और पांच बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने कहा है कि मतदान दिवस पर वाहनों के आवागमन पर कोई रोक नहीं है। मतदाता अपने व्यक्तिगत वाहन से वोट डालने के लिए जा सकते हैं। केवल मतदान केंद्र से 100 मीटर पह े वाहन प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी सम्भव कदम उठाने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए गए हैं। यदि मतदान की निष्पक्षता को प्रभावित करने की कोई शिकायत सही पाई गई तो पुनर्मतदान कराने में कोई हिचक नहीं होगी।
उपचुनाव में कुल 177 प्रत्याशी मैदान में हैं। लगभग 49 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सबसे दिलचस्प मुकाबला फिरोजाबाद संसदीय सीट पर है, जहां समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिम्पल यादव चुनाव के मैदान में हैं। कांग्रेस से अभिनेता राज बब्बर, बसपा से एसपी सिंह बघेल और भाजपा के भानु प्रताप चुनाव के मैदान में हैं। पडरौना विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह की माता रानी मोहनी देवी चुनाव लड़ रही हैं। उधर बसपा के लिए यह सीट इस लिए प्रतिष्ठापूर्ण है कि उसके प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य खुद यहां से मैदान में हैं। सपा ने पूर्व मंत्री शाकिर अली को उम्मीदवार बनाया है तो भाजपा की ओर से गुड्डू पांडे चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर कुल 16 उम्मीदवार मैदान में है। जौनपुर की रारी विधानसभा सीट का चुनाव इस लिए काफी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि यहां से बसपा के बाहुबली सांसद धनंजय सिंह के पिता राजदेव सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट धनंजय सिंह के सांसद हो जाने के बाद इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है। सपा की ओर से ओम प्रकाश दुबे चुनाव लड़ रहे हैं जबकि कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना के पुत्र अभिषेक सिंह चुनाव के मैदान में हैं। भाजपा की तरफ से समरनाथ सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
झांसी विधानसभा सीट पर 15 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। विधानसभा के आम चुनाव में इस सीट से प्रदीप जैन आदित्य कांग्रेस के टिकट पर विधायक हुए थे, बाद में वह सांसद हो गए, इसी वजह से यह सीट रिक्त हुई। प्रदीप जैन आदित्य वर्तमान में केंद्र में मंत्री हैं। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में अनिल बट्टा, सपा से असफान सिद्दीकी, बसपा से कैलाश साहू और भाजपा के रवि शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं।
शाहजहांपुर की पुवायां सीट पर 16 उम्मीदवार हैं। मिथलेश कुमार के सांसद हो जाने की वजह से यह सीट रिक्त हुई है। मिथलेश कुमार के भाई सुरजन लाल सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव के मैदान में हैं। बसपा से धीरेंद्र प्रसाद, भाजपा से महेंद्र पाल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। लखनऊ की पश्चिम विधानसभा सीट यहां के विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता लाल जी टंडन के इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई है। इस सीट पर कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा से अमित पुरी, सपा से बुक्कल नवाब, बसपा से अभिनव मिश्रा और कांग्रेस से श्याम किशोर शुक्ल चुनाव लड़ रहे हैं। सुलतानपुर की इसौली विधानसभा सीट पर आम चुनाव में सपा के टिकट पर चंद्रभद्र सिंह जीते थे लेकिन वह बसपा में चले गए, जिस वजह से उन्हें सदन की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा। इस बार वह बसपा के उम्मीदवार हैं जबकि सपा ने मणिभद्र सिंह, कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जय नारायण तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। हैंसर बाजार विधानसभा सीट पर 12 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिसमें भाजपा के अनिरुद्ध बेलादार, सपा के अलगू चौहान, बसपा के दशरथ चौहान, कांग्रेस के नील मणि शामिल हैं। वाराणसी की कोलअसला सीट पर 17 प्रत्याशी मैदान में है। बसपा के टिकट पर जय प्रकाश मिश्र, सपा से नंद लाल पटेल, कांग्रेस के जेपी सिंह, भाजपा के अजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। इटावा विधानसभा सीट पर बसपा की ओर से महेंद्र सिंह राजपूत, सपा से विमल सिंह भदोरिया, कांग्रेस से संतोष चौधरी, भाजपा से सरिता भदौरिया सहित 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। भरथना विधानसभा सीट पर 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें प्रदीप कुमार यादव-सपा, विनोद कुमार यादव-कांग्रेस, शिव प्रसाद यादव-बसपा मुख्य हैं। ललितपुर विधानसभा सीट पर दस उम्मीदवार हैं, जिसमें चंद्र भूषण सिंह-सपा, राजेंद्र सिंह यादव-भाजपा, राम स्वरूप कांग्रेस, सुमन देवी कुशवाहा-बसपा प्रमुख हैं।
साभार / स्त्रोत -
|