हर खतरे का मुंहतोड़ जवाब देगा भारत
|
This story has been read 432 times.
|
Share |
|
Tuesday 20 Oct, 2009 04:55 PM
नई दिल्ली। पाकिस्तान की 'अत्यंत गंभीर' स्थिति के असर की संभावना से इनकार न करते हुए भारत ने सोमवार को कहा कि भारतीय रक्षाबल किसी भी चुनौती से निपटने को तैयार हैं और तालिबान सहित किसी भी खतरे का माकूल जवाब दिया जाएगा।
पड़ोसी देश के घटनाक्रम तथा भारत पर हमला करने की तालिबान की धमकी के बारे में पूछे जाने र रक्षा मंत्री एके एंटनी ने अपनी टिप्पणी में यहां संवाददाताओं से कहा, 'पाकिस्तान में स्थिति अत्यंत गंभीर है और आतंकवाद फैल रहा है।'
यह पूछे जाने पर कि क्या तालिबान की धमकी भारत के लिए चिंता का विषय है, एंटनी ने कहा, 'हम हमेशा अपनी क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा को कहीं से भी मिलने वाली किसी भी चुनौती से निपटने को तैयार हैं। हमारे सुरक्षाबल हमेशा सतर्क रहते हैं।'
सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर ने पाकिस्तान के घटनाक्रम का भारत पर प्रभाव पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने एक अलग समारोह में कहा, 'जब भी किसी क्षेत्र में कोई परेशानी होती है, तो हमेशा उसका कुछ असर पड़ोसी देश पर पड़ता है। यह ऐसी चीज है जिसके खिलाफ हम सभी को सतर्क रहने की जरूरत होगी।'
कपूर ने यह भी कहा, 'हमें इस बारे में कोई संदेह नहीं है कि जब भी तालिबान हमारे देश में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करेगा तो हमारे सुरक्षाबल उसे माकूल जवाब देंगे।'
पाकिस्तान आतंकवाद की चपेट में है और एक सप्ताह के भीतर तालिबान वहां सेना मुख्यालय सहित छह बड़े हमले कर चुका है। आतंकवाद को एक बुराई करार देते हुए एंटनी ने कहा, 'आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में हर किसी को गंभीरता और ईमानदारी से कार्रवाई करनी चाहिए तथा यह पाकिस्तान पर भी लागू होता है।'
ईरान में रविवार को हुए विस्फोटों में पाकिस्तान स्थित आतंकी तत्वों की संलिप्तता की संभावना पर रक्षामंत्री ने कहा, 'मैं अभी कुछ नहीं कह सकता, लेकिन बात यह है कि आतंकवाद फैल रहा है। यह विश्व के लिए एक असल बुराई है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सभी शांतिप्रिय देशों और समुदायों के लिए समान चुनौती है।' दक्षिणी ईरान में रविवार को हुए विस्फोटों में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के छह शीर्ष कमांडरों सहित 30 से अधिक लोग मारे गए।
नौसेना और तटरक्षक के 'ऑपरेशन रक्षा' के बारे में एंटनी ने कहा, 'पिछले साल 26/11 के हमलों से हमने काफी कुछ सबक लिया है। अब तटीय रक्षा के लिए समन्वित प्रयास किया जा रहा है तथा नौ सेना और तटरक्षक बल गंभीर कदम उठा रहे हैं। सरकार इन्हें मजबूत करने के लिए हरसंभव मदद मुहैया करा रही है।'
चीन के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा, 'हम अपने सभी क्षेत्रों की रक्षा करेंगे और साथ ही हम अपने सभी पड़ोसियों के साथ संबंधों की मजबूती के प्रयास जारी रखेंगे।'
साभार / स्त्रोत -
|