फोटो जर्नलिस्ट ताराचंद गवारिया को फिर मिला अन्तर्राष्ट्रीय गौरव

( 15855 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 May, 18 10:05

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 100 फोटोग्राफर्स में गवारिया का हुआ चयन

फोटो जर्नलिस्ट ताराचंद गवारिया को फिर मिला अन्तर्राष्ट्रीय गौरव उदयपुर | स्मार्टसिटी उदयपुर ने एक बार पुनः फोटोग्राफी की दुनिया में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल कर न सिर्फ राजस्थान अपितु देश को गौरवान्वित किया है। इस गौरव को प्रदान करने के माध्यम बने हैं उदयपुर के प्रतिभावान युवा फोटो जर्नलिस्ट ताराचंद गवारिया जिन्हें एक बार पुनः वर्ष 2017 में दुनिया के 1 लाख तीन हजार फोटोग्राफर्स में चुने गए सर्वश्रेष्ठ 100 फोटोग्राफर्स में अपना स्थान बनाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 अवार्ड्स साईट्स द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में ताराचंद गवारिया के एक फोटो को विश्व के सर्वश्रेष्ठ एक सौ फोटोग्राफ्स में स्थान मिला है वहीं उनके इस फोटोग्राफ को स्ट्रीट फोटो सेक्शन में प्रथम स्थान भी प्राप्त हुआ है। ताराचंद का यह फोटो इस प्रतियोगिता में आए विश्व के 160 देशों के एक लाख तीन हजार फोटोग्राफर्स के दो लाख 57 हजार फोटोग्राफ्स में चयनित किया गया है। ताराचंद का यह फोटो सिंहस्थ कुंभ में लिया गया था और इस फोटो को पूर्व में भी कई प्रकार के अवार्ड मिल चुके हैं।
अपने बेमिसाल फोटोग्राफ से देश-दुनिया का ध्यान आकृष्ट करने वाले ताराचंद गवारिया को उनकी फोटोग्राफी के लिए सैकड़ों सम्मान और लाखों रुपयों के इनाम भी प्राप्त हुए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अनुसार इटली की अन्तर्राष्ट्रीय फोटो मैगजीन इंटरफोटो के वर्ष 2017 के संस्करण में दुनिया के 72 सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफर्स की सूची में गवारिया को सम्मिलित करते हुए उनके एक फोटोग्राफ को स्थान दिया था। मैगजीन में भारत के सिर्फ दो फोटोग्राफर्स को यह सम्मान दिया था जिसमें ताराचंद एक थे। इस मैगजीन ने विश्व के सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफों का चयन इंटरनेट पर सर्वाधिक चर्चित और लाईक्स के आधार पर किया है जिसमें ताराचंद के कैमेरे में झांकते बंदर के फोटो को सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफ मानते हुए उन्हें अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया था। इसी प्रकार गत वर्ष एक ऑनलाईन फोटो प्रतियोगिता में गवारिया को नेशनल अवार्ड से नवाज़ा थ। इस अवार्ड के तहत गवारिया को उनके इस फोटोग्राफ के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा पूर्व चित्रकुट धाम स्थित रावतपुरा सरकार न्यास की तरफ से सिंहस्थ कुंभ विषय पर आयोजित हुई फोटोग्राफी प्रतियोगिता में भी एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया था। गवारिया को फोटोग्राफी के कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हो चुके हैं। गवारिया को पुनः राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार प्राप्त करने पर उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले के मित्रवर्ग के साथ मीडियाकर्मियों ने खुशी जताई और शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा है कि गवारिया ने अपने कौशल से फोटोग्राफी जगत में भी उदयपुर को देशव्यापी पहचान दी है।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.