पतंगराव कदम का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक

( 20593 बार पढ़ी गयी)
Published on : 10 Mar, 18 09:03

पतंगराव कदम का निधन, राहुल गांधी ने जताया शोक मुम्बई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पतंगराव कदम का आज रात यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। वह72 साल के थे। उनके परिवार में बेटा विश्वजीत कदम है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता विश्वजीत कदम ने वर्ष 2014 के आम चुनाव में पुणे सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गये थे। आज दिन में कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी लीलावती अस्पताल गयी थीं जहां कदम का किडनी का इलाज चल रहा था। वह पिछले कुछ दिनों से जीवन रक्षक प्रणाली पर थे क्योंकि उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने शोक जताते हुए कहा कि, उनकी पार्टी के लिए ‘अपूरणीय क्षति’ है। गांधी ने ट्विटर पर कहा कि, ‘वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और शिक्षाविद पतंगराव कदम जी के निधन पर मैं गहरा शोक जताता हूं।’ उन्होंने कहा कि, ‘यह कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घटी में उनके परिवार को मेरा प्यार और सहयोग।’

पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली जिले में निम्न मध्य वर्गीय परिवार में पैदा हुए कदम राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काफी आगे गये। वह कांग्रेस से जुड़ गये और चार बार विधानसभा के लिए चुने गये। उन्होंने भारती विद्यापीठ डीम्ड विश्वविद्यालय की भी स्थापना की। वह कांग्रेस- राकांपा सरकार में सहकारिता एवं वन जैसे अहम विभागों का कामकाज संभाला। वह महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष भी रहे।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.