भाजपा ने की उप चुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा

( 17917 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Feb, 18 11:02

नईं दिल्ली। भाजपा ने अगले महीने होने वाले उप चुनावों के लिए आज अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से संगठन के अनुभवी नेता उपेन्द्र शुक्ला और फूलपुर से वाराणसी के पूर्व मेयर कौशलेन्द्र सिंह पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्यं द्वारा लोकसभा से इस्तीफा दिये जाने के बाद ये सीटें खाली हुयी हैं। शुक्ला के चयन को पार्टी की पहुंच ब्राह्मणों तक बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है। ब्राह्मण राज्य में ऊंची जाति का सबसे बड़ा समुदाय है और वह पार्टी की पारंपरिक समर्थक रही है।
गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर के महंत 1989 से इस संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। इसके मुख्य महंत और आदित्यनाथ के गुरू महंत अवैदृानाथ पहली बार हिन्दू महासभा के टिकट पर विजयी हुये थे और बाद में 1991 और 1996 में भाजपा के टिकट पर सांसद बने थे। आदित्यनाथ 1998 से लगातार पांच बार गोरखपुर से सांसद रहे हैं और इसके बाद वह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। अपने गुरू के देहांत के बाद वह मंदिर के प्रमुख बने। भाजपा ने बिहार से भी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। अररिया लोकसभा उपचुनाव के लिए पार्टी ने प्रदीप सिंह और भभुआ विधानसभा सीट के लिए रिंकी पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है।
अररिया के पूर्व सांसद सिंह 2014 में राजद के तसलीमुद्दीन से हार गये थे। यहां 11 मार्च को उपचुनाव होना है।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.