पति के साथ पीहर से घर लौट रही महिला का बैग लूट भागा बदमाश

( 8446 बार पढ़ी गयी)
Published on : 30 Jan, 18 12:01

जोधपुर |शहर के भीतरी क्षेत्र में स्थित पीहर से पति के साथ घर लौट रही महिला का बैग बाइक सवार बदमाश लूटकर भाग गया। सरदारपुरा पांचवीं ए रोड पर शनिवार रात हुई इस वारदात के संबंध में सरदारपुरा थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी की तलाश शुरू की है। बैग में पांच हजार रुपए, मोबाइल व कुछ अन्य दस्तावेज भी रखे थे। सरदारपुरा थाने के एएसआई धन्नाराम ने बताया, कि कोहिनूर सिनेमा के पीछे सरदारपुरा ए रोड निवासी रितेश व्यास पुत्र जगदीश व्यास की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया गया, कि शनिवार को वे अपनी पत्नी अंकिता के साथ भीतरी शहर चांदपोल इलाके में स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां से रात करीब 10 बजे वे दोनों वापस घर के लिए रवाना हुए। पांचवीं रोड चौराहा के निकट सुनील पान वाली रोड से होते हुए वे अपने घर से कुछ दूर पहुंचे ही थे, तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक उनके पास पहुंचा और अचानक झपट्टा मारकर अंकिता व्यास के हाथ से बैग लूटकर भाग गया। रितेश व्यास ने उसका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन शातिर बदमाश तेजी से गाड़ी भगाते हुए उनकी नजरों से ओझल हो गया। बाद में वे सरदारपुरा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम के बारे बताया।
साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.