रोहित इंगले ने उदयपुर में किया जन संपर्क

( 4435 बार पढ़ी गयी)
Published on : 14 Nov, 17 09:11

रोहित इंगले ने उदयपुर में किया जन संपर्क मासूम और निरीह जानवरों को बेवजह पीड़ित और कत्ल किये जाने से आहत रोहित इंगले ने देशभर की जनता से सीधे मुखातिब होकर जागृति लाने का बीड़ा उठाया और अपनी साईकल उठा अकेले ही निकल पड़े एक वर्ष की लंबी भारत-यात्रा पर। 26 अक्टूबर 2017 को मुंबई में अहिंसा-उत्सव से शुरू की उनकी “साईकलिंग फॉर विगनिज्म” सूरत, वड़ोदरा, अहमदाबाद होते हुए गुरुवार दोपहर उदयपुर पहुंची थी। लगभग २ सप्ताह में 1000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बावजूद रोहित पूर्ण उर्जाशील थे और आज उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों गुलाब बाग, जगदीश चौक, गणगौर घात, फतेहसागर आदि पर लोगों से जन संपर्क कर अपना सन्देश दिया, मौके पर जमा हुई भीड़ से इस विषय पर लंबी चर्चा करी एवं पैम्फलेट भी वितरित किये। श्री रोहित ने बताया कि मांस, मछली, अंडा और दूध के रूप में पशु-उत्पादों से बने भोजन से दूर रहने के अलावा हमें जानवरों का किसी भी रूप में उपयोग नहीं करना चाहिए। राजस्थान में पर्यटकों को लुभाने के लिए हो रही ऊँटों और हाथियों की बढ़ती सवारी के विरोध के साथ-साथ उन्होंने उदयपुर में फतहसागर पर हाल ही में खुले एक्वेरियम पर भी रोष जताया और आमजन को इस प्रकार के मनोरंजनों में अपने पैसे व्यय न करने का संदेश दिया। जानवरों को अपने स्वार्थवश अपने अधीन रखने से ही उनके प्रति घोर हिंसा की शुरुआत होती है।

रोहित जी अपनी साईकल से देश के प्रत्येक राज्य की राजधानी में जायेंगे और सभी बड़े नगरों में भी अपना करुणा संदेश देंगे। उन्हें इस कार्य में 19 हज़ार कि. मी. की दूरी तय करनी पड़ेगी जिसमें उन्हें पूरा साल लगेगा और अक्टूबर 2018 में संभवतः वे वापस अपने घर पहुंचेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी नौकरी भी छोडनी पड़ी। रास्ते में अधिक पैसे खर्च न हो इस हेतु वे अपना टेंट साथ लेकर चलते हैं और जहाँ भी स्थान मिलता है वहीँ पड़ाव डाल देते हैं। उदयपुर में तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वह कल विभिन्न संस्थानों का दौरा कर अपना सन्देश जन-जन तक पहुंचाएंगे। मुंबई एनीमल लिबरेशन लीग, मुंबई और ग्लोबल एनीमल एडवोकेसी प्रोग्राम, कैलिफोर्निया द्वारा उनकी इस देश व्यापी यात्रा को समर्थन प्राप्त है। उदयपुर में उनके कार्यक्रमों को उदयपुर निरवद्याचारी समूह आयोजित कर रहा है।



साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.