बिहार सरकार द्वारा भगवान महावीर निर्वाणोत्सव पर विशाल कार्यक्रम

( 30143 बार पढ़ी गयी)
Published on : 19 Oct, 17 17:10

भगवान महावीर दर्शन से अनेक समस्याओं का समाधान संभव – आचार्य लोकेश

बिहार सरकार द्वारा भगवान महावीर निर्वाणोत्सव पर विशाल कार्यक्रम
बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार व अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक प्रख्यातजैनाचार्य डा. लोकेश मुनि ने पावापुरी मे आयोजित भगवान महावीर त्री दिवसीय निर्वाणोत्सव का उदघाटन किया |
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस अवसर पर कहा कि यह पवित्र भूमि भगवान महावीर निर्वाण भूमि है | भगवान बुद्ध और महावीर समकालीन थे | दोनों ने अपने ज्ञान से, उपदेश से बिहार को पूरी दुनिया में गौरान्वित किया है | महावीर, बुद्ध गुरु गोविंद सिंह का जन्म, कौटिल्य का अर्थशास्त्र, आर्यभट्ट का शून्य यह सब बिहार का गौरवशाली अतीत है | आज भगवान महावीर के निर्वाण दिवस के अवसर पर मुझे जैनाचार्य डा. लोकेश मुनि के साथ एक मंच पर बैठने का सौभाग्य प्राप्त हुआ | उन्होंने कहा कि अलग-अलग मत होने के बावजूद सबके विचारों का सम्मान करना चाहिए | उन्होंने धर्म, जाति व वर्ण के आधार पर समाज में भेदभाव उत्पन्न करने वाले लोगो की घोर निंदा की | मुख्यमंत्री ने कहा अगले वर्ष से भगवान महावीर निर्वाणोत्सव और अधिक धूमधाम से मनाया जायेगा |
मुख्यमंत्री ने कहा हम न्याय के साथ विकास के पथ पर आगे बढ रहे है | समाज सुधार के लिए हमारा अभियान चल पड़ा है | शराबबंदी को जैन समाज का भरपूर सहयोग मिला | बाल विवाह और दहेज़ प्रथा के खिलाफ भी अभियान चल पड़ा है | उहोने कहा कि निर्वाण की भूमि से दहेज़ वाली शादी में शामिल नहीं होने का संकल्प लें |
आचार्य लोकेश मुनि ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का समस्त जैन समाज की ओर से भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण दिवस बिहार सरकार द्वारा मनाने पर अभिनन्दन करते हुए कहा कि इस समारोह के माध्यम से भगवान महावीर का अहिंसा, शांति व भाईचारे का सन्देश विश्व में प्रसारित होगा | उन्होंने कहा आज न सिर्फ भारत में अपितु सम्पूर्ण विश्व में विकास एक मुख्य मुद्दा है | समाज व राष्ट्र का विकास तभी संभव है जब समाज में स्थिरता हो सभी वर्ग व सम्प्रदाय के लोग शांति व सद्भावना के साथ रहे | वर्तमान समय में भगवान महावीर द्वारा प्रतिपादित अहिंसा, अनेकांत व अपरिग्रह दर्शन एवं उपदेश अत्यंत महत्वपूर्ण व उपयोगी है | समय आ गया है कि हम उनके उपदेशों को विकास व शांति के प्रयासों में आगे रखें | युद्ध, हिंसा और आतंकवाद किसी समस्या का समाधान नहीं है | हिंसा प्रतिहिंसा को जन्म देता है | संवाद के द्वारा, बातचीत के द्वारा भगवान महावीर द्वारा प्रदिपादित अनेकांतवादी शैली के द्वारा हर समस्या को सुलझाया जा सकता है | इसीलिए मैं अनेक बार कहता हूँ कि भगवान महावीर दर्शन में अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान प्राप्त होता है |
इस अवसर पर कला सांस्कृतिक मंत्री श्री कृष्ण कुमार ऋषि, ग्रामीण कार्य मंत्री सह प्रभार मंत्री नालंदा श्री शैलेश कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, सांसदगण, विधायकगण, जैन साध्वियां संप्रज्ञा एवं रोहिणी, कला सांस्कृतिक विभाग के प्रधान सचिव श्री चैतन्य प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अतीश चंद्रा, नालंदा के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अनेक जैन मुनि व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे | सुप्रसिद्ध बोलीवुड गायक अल्ताफ रजा व देश भर से आये अनेक कलाकारों ने इस अवसर पर अपनी प्रस्तुति दी |

साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.