भ्रष्ट्राचार मिटा है, परऔर कदम उठाने की जरूरत ः कटारिया

( 16042 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 Jan, 17 08:01

सुभाषचंद्र बोस जयंती की पूर्व संध्या पर मल्लातलाई चौराहे पर कार्यक्रम- -भ्रष्ट्राचार के खिलाफ मुहिम छोडेगी युवा क्रांति ः आकाश वागरेचा-

 भ्रष्ट्राचार मिटा है, परऔर कदम उठाने की जरूरत ः कटारिया उदयपुर। प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि देश को आजाद कराने में किसी एक व्यक्ति का हाथ नहीं बल्कि यह समग्र प्रयासों का परिणाम था। आजादी मिले आज सात दशक हो गए है। इस दौरान भ्रष्ट्राचार भी बढा और इस पर नियंत्रण के लिए कानून भी बने,लेकिन जिस रफ्तार से देश विकास के पायदान पर चढा उस दृष्टि से भ्रष्ट्राचार मिटाने की दिशा में काम नहीं हो सके। मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पर अंकुश लगाने के लिए बीडा उठाया है परन्तु अभी और कडे कदम उठाने की आवश्यकता है।
गृहमंत्री कटारिया ने यह बात रविवार शाम को मल्लातलाई चौराहे पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा के समीप युवा क्रांति और युवा मोर्चा की ओर से सुभाषचंद बोस जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सुभाषचंद्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी तो थे ही। साथ ही उनका व्यक्तित्व ऐसा था, जिसे आज के युवा को अनुसरण करने की आवश्यकता है। सुभाष ने अपने पिता की बात को सर्वोच्च श्रेणी में रखते हुए उनके कहने पर आईपीएस का एग्जाम विदेश में जाकर पूरा किया और बाद में देश को आजाद कराने की दिशा में जुट गए। वे कांग्रेस के अध्यक्ष बने, लेकिन अहिंसा के डगर की बजाय उन्होंने दूसरा रास्ता चुना और देश के युवाओं की आजाद हिंद फौज तैयार की। इन युवाओंे के सहारे और दम पर उन्होंने अंग्रेजों को भारत छोडने को विवश कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी के साथ जीवन व्यतीत कर रहे है। यह सब उन महापुरूषों की देन है, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह नहीं करते हुए जान की बाजी लगाकर देश के लोगों को आजादी का जश्न मनाने का मौका दिया है। उनके इस बलिदान को नहीं भुलाया जा सकता। इस दौरान उन्होंने आयोजकों से आह्वान किया कि सुभाष के व्यक्तित्व को आमजन तक पहुंचाने के लिए अल्प कार्यक्रम की बजाय वृहद स्तर पर आयोजन करने की आवश्यकता है। भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के लिए इस विषय के प्रखर वक्ता को आमंत्रित कर उन्हें ज्यादा से ज्यादा बोलने का मौका दिया जाना चाहिए।
उन्होने कहा कि केवल जयंती पर किसी महापुरूष को याद करने से ही उनका जन्मदिन मनाना नहीं होता। इसके लिए हमारा यह भी प्रयास हो कि हम उनके आदर्शो को जन-जन तक पहुंचाने का भी प्रयास करें। नगर निगम के पिछले कार्यकाल में शहर में 15 ऐसे महापुरूषों की प्रतिमाएं स्थापित की गई, जिन्हें हम केवल किताबों के जरिये ही जानते थे, लेकिन आज का युवा इन्हें देखकर इनका इतिहास जानने को लालायित है।
इससे पूर्व शाम करीब साढे चार बजे गृहमंत्री कटारिया समारोह स्थल पर पहुंचे, जहां युवा क्रांति संस्थापक आकाश वागरेचा ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और अन्य अतिथियों का स्वागत कर आयोजन की उपादेयता पर प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि जल्दी ही युवा क्रांति भ्रष्ट्राचार के खिलाफ मुहिम छोडेगी। साथ ही युवाओं से कहा कि आज हमें सुभाषचंद्र बोस द्वारा बताए गए सिद्धांतों पर चलने की महत्ती जरूरत है और यह समय की आवश्यकता भी है। समारोह को भाजपा शहर जिला महामंत्री प्रेमसिंह शक्तावत, यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, मंडल अध्यक्ष अतुल चंडालिया, कुंतीलाल जैन, युवा मोर्चा शहर जिलाध्यक्ष गजेन्द्र भंडारी, देहात जिलाध्यक्ष महेन्द्र औदिच्य, युवा क्रांति जिलाध्यक्ष विजयसिंह बल्ला, येागेश वैष्णव आदि ने संबोधित किया। समारोह के उपरांत सभी अतिथियों ने सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का प्रण लिया और श्रद्धा से उनका स्मरण किया।

साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.