निःशुल्क निर्धन एवं दिव्यांग सामूहिक विवाह आरंभ

( 7363 बार पढ़ी गयी)
Published on : 22 Jan, 17 09:01

हल्दी व मेहंदी की रस्म हुई , कल होंगे फेरे

निःशुल्क निर्धन एवं दिव्यांग सामूहिक विवाह आरंभ
नई दिल्ली, नारायण सेवा संस्थान एवं सेवा परमो धर्म ट्रस्ट उदयपुर (राज.) के तत्वावधान में शनिवार को पंजाबी बाग, रिंग रोड में दो दिवसीय विशाल निःशुल्क सर्वधर्म दिव्यांग निर्धन सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ शुभ मुहूर्त में प्रातः ११ बजे संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव, संत सुनील कौशिक महाराज, समाज सेविका कुसुम गुप्ता (नई दिल्ली), प्रमोद पटेल (यू.के.), कुलभूषण पाराशर (यू.के.), उद्यमी रमेश गोयल (नई दिल्ली) व परमानन्द गुप्ता (नई दिल्ली) ने विनायक पूजन के साथ किया। संस्थान अध्यक्ष सेवक प्रशांत भैया ने बताया कि रविवार को परिणय सूत्र में बंधने वाले जोडों की हल्दी-मेहंदी रस्म अपराह्व २ बजे हुई। संस्थान साधिकाओं व विभिन्न राज्यों से आई महिला अतिथियों ने ढोलक की थाप पर मेहंदी के परम्परागत गीत-नृत्य प्रस्तुत किए। दुल्हनों के हाथों में जब स्नेह और उल्लास के साथ मेहंदी रचाई गई तो ये पल इनके लिए अविस्मरणीय हो गये। उनके जीवन की वह साध पूरी होने जा रही थी, जिसकी कल्पना भी उन्हें नहीं थी। कार्यक्रम में देश के विभिन्न भागों से उन दिव्यांगों ने भी भाग लेकर विभिन्न खेलों यथा-बेडमिन्टन, फुटबॉल, टेनिस खेलने एवं साईकिल चलाने का प्रदर्शन किया। संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल व वर-वधूओं के परिजनों ने रात्रि में महिला संगीत व नृत्य की प्रस्तुतियां दी। रविवार को सभी ५१ निर्धन व दिव्यांग जोडे विवाह सूत्र में बंधेंगें। प्रातः ९ बजे जन्माष्टमी पार्क से सजी धजी बागियों में बाजे-गाजे के साथ वर-वधूओं की बिन्दोली निकाली जाएगी तथा १०ः३० बजे तोरण की रस्म होगी। १२ः१५ बजे से पाणिग्रहण संस्कार की प्रक्रिया आरंभ होगी। अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में समाज सेवा में उल्लेखनीय कार्यों के लिए समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को निदेशक वंदना अग्रवाल, देवेन्द्र चौबीसा, “नारायण मोड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब” प्रकल्प के प्रभारी मानस रंजन साहू एवं डॉ. विजय आनंद ने भी सम्बोधित किया। संचालन महिम जैन ने किया।

साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.