एडीएम के वाहन चालक को मारी गोली, मौत

( 4769 बार पढ़ी गयी)
Published on : 17 Jun, 16 09:06


छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) के वाहन चालक की गोली मारकर हत्या कर दी है। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज ‘‘भाषा’ को दूरभाष पर बताया कि नक्सलियों ने सुकमा एडीएम मानसिंह ठाकुर के वाहन चालक श्रीनिवास बिसेन :35 वर्ष: की उसके गृह ग्राम केरलापाल में गोली मारकर हत्या कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के फुलबागड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत केरलापाल गांव निवासी बिसेन कल रात ड्यूटी खत्म करने के बाद सुकमा जिला मुख्यालय से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। इस दौरान गिरदापारा के करीब उसे नक्सलियों ने रोक लिया और उन्होंने बिसेन पर पुलिस का सहयोगी होने का आरोप लगाया। बाद में नक्सलियों ने बिसेन को गोली मार दी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में पुलिस दल रवाना किया गया और बिसेन को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कुछ पर्चा भी बरामद किया है। जिसमें माओवादियों ने बिसेन पर पुलिस का सहयोगी होने का आरोप लगाया
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.