भारत से बिना शर्त बातचीत करने को तैयार हैं शरीफ

( 2321 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Nov, 15 08:11

वालेटा | कश्मीर मुद्दे के बिना भारत के साथ किसी तरह की बातचीत नहीं करने के रुख से पाकिस्तान पलट गया है। अब वह भारत से बिना शर्त बातचीत करने को तैयार है। राष्ट्रमंडल देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेने माल्टा की राजधानी वालेटा आए शरीफ ने कहा कि शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए हम भारत से बिना शर्त बातचीत करने को तैयार हैं। भारत से वार्ता को लेकर पाक के रुख में यह एक बड़ा बदलाव है। वह अब तक कश्मीर को विवाद का मुख्य मुद्दा बताता रहा है। कई बार वह संयुक्त राष्ट्र और अन्य मंचों पर भी यह मामला उठा चुका है। दूसरी ओर भारत अपने पड़ोसी के साथ बिना शर्त बातचीत पर जोर देता रहा है।1शुक्रवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के साथ भेंट के बाद शरीफ ने यह भी कहा कि उनका देश भारत और अफगानिस्तान सहित सभी पड़ोसियों के साथ दोस्ताना संबंध बनाए रखना चाहता है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के सभी प्रारूपों की निंदा करता है और अपने यहां से इसके सफाए के लिए अभियान चला रहा है। उन्होंने पेरिस हमले की भी निंदा की और कहा कि आतंकवाद का शिकार होने के नाते हम फ्रांसीसियों का दर्द समझ सकते हैं।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.