पुष्कर ने दिल्ली सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

( 4979 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 Sep, 15 09:09

तिमारपुर से आम आदमी पार्टी के विधायक पंकज पुष्कर ने मंगलवार को अपनी सरकार के खिलाफ बिगुल फूंका। पुष्कर वजीराबाद स्थित संगम विहार में सत्याग्रह पर बैठे। देर शाम स्थानीय जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने अपना आंदोलन वापस लिया। साथ ही दिल्ली सरकार को चेतावनी दी कि 6 सितबंर तक संगम विहार के लोगों के साथ विधानसभा से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च करेंगे।
पंकज पुष्कर ने आरोप लगाया कि संगम विहार में बुनियादी सुविधाओं की हालत खस्ता है। उनके इलाके की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने लोगों की समस्याओं को विधान सभा में उठाया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी चिट्ठी लिखी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार की आलोचना करते कहा कि राजधानी के लोगों की बेहतरी पर पैसा खर्च की जगह दिल्ली सरकार अपने प्रचार पर करोड़ाें खर्च कर रही है।
बता दें कि तिमारपुर से विधायक पुष्कर आप से निष्कासित योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण के साथ चले गए हैं। पहले भी कई मौकों पर उन्होंने अपनी सरकार के खिलाफ हमला बोला है। हालांकि, आप ने अभी तक पुष्कर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की है।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.