प्याज की महंगाई रोकने उतरा केंद्र

( 6418 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Aug, 15 09:08

प्याज की महंगाई रोकने उतरा केंद्र नई दिल्ली | प्याज की महंगाई रोकने के लिए सरकार ने कमर कसनी शुरू कर दी है। सितंबर के दूसरे सप्ताह तक आयातित प्याज की पहली खेप पहुंच जाएगी। केंद्रीय उपभोक्ता मामले व खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने महंगाई पर समीक्षा बैठक में यह घोषणा की। केंद्र ने राज्य सरकारों को खत लिखकर प्याज जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिदायत दी है। मुख्यमंत्रियों को लिखे अपने पत्र में पासवान ने प्याज कीमतों पर काबू पाने की सलाह दी है। इसके लिए उन्हें भंडारण की स्टॉक सीमा को सख्ती से लागू करने की हिदायत दी है। प्याज के जमाखोरों के खिलाफ अभियान चलाने और ऐसे लोगों से सख्ती निपटने को कहा है। प्याज की खरीद और आयात करने वाली सरकारी एजेंसियों के साथ कृषि मंत्रलय के आला अफसरों की समीक्षा बैठक में पासवान ने सभी को सतर्कता से आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद उपभोक्ता मामलों के सचिव की की अध्यक्षता में एक और बैठक कर स्थितियों की समीक्षा की गई। इसमें कृषि मंत्रलय के साथ किसान संगठनों, नैफेड, मदर डेयरी और नेशनल हॉर्टीकल्चर रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन यानी एनएचआरडीएफ के अफसरों ने विचार-विमर्श किया। बैठक में बताया गया कि 10 सितंबर, 2015 आयातित प्याज की पहली खेप पहुंच जाएगी। विस्तृत चर्चा के दौरान तय किया गया कि एक संयुक्त टीम का गठन किया जाएगा। टीम में कृषि व उपभोक्ता मामलों के मंत्रलय के अधिकारी शामिल होंगे, जो राजधानी दिल्ली में प्याज की आपूर्ति व उपलब्धता का जायजा लेंगे।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.