क्लिंटन दंपती ने कमाए 895 करोड़ रुपये

( 2453 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 Aug, 15 11:08

वाशिंगटन | डेमोक्रेट पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन और उनके पति एवं पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने पिछले आठ साल में संयुक्त रूप से 895 करोड़ रुपये (140 मिलियन डॉलर) से ज्यादा की कमाई की है। क्लिंटन दंपती की ओर से वर्ष 2007 से 2014 के बीच के कर विवरण से यह बात सामने आई है। वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए हिलेरी क्लिंटन ने डेमोक्रेट पार्टी की ओर से उम्मीदवारी पेश की है। बतौर विदेश मंत्री आधिकारिक कामों के लिए निजी ईमेल का इस्तेमाल करने के विवाद में फंसी हिलेरी ने छवि को ठीक करने के लिए यह कदम उठाया है। हाल में संपन्न एक सर्वेक्षण में 57 फीसद लोगों ने हिलेरी क्लिंटन को विश्वास के लायक नहीं माना था। अब उनके खेमे के लोग दलील दे रहे हैं कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता लाने की प्रतिबद्धता के तहत हिलेरी क्लिंटन ने कर का ब्योरा देश के सामने रखा है। विवरण के मुताबिक वर्ष 2013 में क्लिंटन दंपति ने भाषणों के जरिये 23 मिलियन डॉलर (लगभग 147 करोड़ रुपये) की कमाई की थी। हिलेरी ने बताया कि आठ साल में उन्होंने 43.9 मिलियन डॉलर (280 करोड़ रुपये) कर जमा कराया। इसके अलावा 15 मिलियन डॉलर (95 करोड़ रुपये) दान भी दिया। क्लिंटन दंपती ने इससे पहले 1977 में कर अदायगी का ब्योरा सार्वजनिक किया था।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.