सांसदों ने दिवंगत डॉ. कलाम को श्रद्धांजली अर्पित की

( 4477 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Jul, 15 10:07

नई दिल्ली, केन्द्रीय पंचायत राज राज्यमंत्री श्री निहालचंद और लोकसभा में सत्तापक्ष के मुख्य सचेतक एवं बीकानेर के सांसद श्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश के अन्य सांसद श्री ओम बिरला, श्री सीआर चौधरी, श्री रामचरण बोहरा, श्री सीपी जोशी, डॉ. मनोज राजौरिया, श्री हरीशचन्द्र मीना आदि ने सोमवार को नई दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के राजकीय निवास दस, राजाजी मार्ग पहुॅंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद थे।

इस मौके पर सांसदों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि डॉ. कलाम जैसे महापुरुष की विदाई हम सभी के लिए अपार दुःख का दिन है। भारत ने महान इंसान को खो दिया है जिसने अपनी पूरी जिंदगी देश को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित कर दी। वह भारत देश को मजबूत राष्ट्र बनाना चाहते थे। उनका यह विजन उनकी पुस्तक 2020 में दिखता है। डॉ. कलाम अपने महान व्यक्तित्व के बावजूद अपनी सादगी और सरल व्यवहार के लिए हमेशा जाने जाते रहे हैं। यही कारण है कि वह बच्चों के बीच भी खूब लोकप्रिय रहे। उनका जीवन हर भारतीयों के लिए आदर्श है। उन्होंने विज्ञान, मिसाइल तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान सुविधाओं में भारत को विश्व मानचित्र पर खड़ा किया है। राष्ट्र उनके योगदान के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। उनका आखिरी समय तक पढ़ने पढ़ाने से लगाव रहा। इसे संयोग ही कहा जाए कि अपने आखिरी लम्हे भी उन्होंने छात्रों के बीच ही गुजारा। देश ने एक मार्गदर्शक को खोया है। उनका निधन देश के लिए अपूर्णीय क्षति है।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.