मृत्युभोज में शामिल 100 लोग बीमार

( 6135 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 May, 15 10:05

राजसमंद, जिले के केलवा कस्बे में मृत्युभोज में भोजन करने के बाद 100 जने बीमार हो गए। इनमें महिला, पुरुष व बच्चे शामिल हैं। उल्टी-दस्त की शिकायत पर सभी को राजसमंद के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जहां उपचार के बाद सोमवार शाम हालत में सुधार होने पर सभी को छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार केलवा निवासी मुकेश गवारिया की मां प्रेमबाई की गत दिनों मृत्यु हो गई थी। कथित तौर पर इसी सिलसिले में रविवार को मृत्युभोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें मारवाड़ से बड़ी संख्या में रिश्तेदार शामिल हुए।
इसमें खाने के लिए सब्जी, पूड़ी व रबड़ी परोसी गई। करीब रात आठ बजे खाना शुरू हुआ। करीब पौन घंटे बाद ही लोगों को पेट दर्द और उल्टी-दस्त शुरू हो गए। देखते ही देखते 100 से अधिक लोग गंभीर बीमार पड़ गए।
परिजन 108 एम्बुलेंस व अन्य वाहनों से ले जाकर बीमारों को केलवा सीएचसी, राजसमंद के आरके चिकित्सालय व निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया। कुछ बीमारों को उदयपुर भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर रात 11.30 बजे जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएल मीणा केलवा पहुंचे।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.