श्रीजी के दर्शनार्थ आने वालों से यात्री कर बंद हो-पालिका के उपाध्यक्ष

( 6365 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 May, 15 09:05

नाथद्वारा| नगर पालिका उपाध्यक्ष परेश सोनी ने नगर में प्रवेश के दौरान लिए जाने वाले यात्री वाहन कर की निविदा निरस्त करने की मांग करते हुए इसकी जगह दूसरे स्रोत से आय बढ़ाने के लिए पालिका को सुझाव दिया है। निविदा आगामी 25 मई को खोली जानी है। सोनी ने यात्री वाहन कर की जगह शहर के कॉटेज पर टैक्स लगाने की सुझाव दिया है।
उल्लेखनीय है कि 25 मई को नपा की ओर से नगर प्रवेश के दौरान लिए जाने वाले यात्री कर निविदा होनी है। नपा को प्रतिवर्ष करीब 65 लाख रुपए की आय यात्री वाहन कर से होती है।
शुक्रवार को नपा उपाध्यक्ष परेश सोनी ने नपाध्यक्ष लालजी मीणा तथा आयुक्त तनुजा सोलंकी को पत्र लिख कर यात्री कर वाहन कर समाप्त करने की मांग की है। सोनी ने बताया कि यात्री वाहन कर पूर्व के जजिया कर के समान है। वैष्णव दर्शन करने आते हैं, प्रवेश के दौरान ही टोल नाके पर यात्री वाहन कर को लेकर कर्मचारियों से तकरार होती है। इससे दर्शनार्थियों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। सोनी ने यात्री वाहन की जगह शहर की होटल, धर्मशालाओं तथा कॉटेज पर टैक्स लगाने का सुझाव दिया है। बताया कि इससे नपा को ओर अधिक राजस्व की प्राप्ति होगी।
दर्शनार्थियों के सामने भी छवि सुधरेगी
उदयपुरतथा आसपास के शहरों से दर्शन करने आने वालों को राहत मिलेगी। अभी दर्शन करने आने पर वाहन कर यात्री कर तथा पार्किंग का पैसा देना पड़ता है। यात्री कर बंद होने से आसपास के दर्शनार्थी जो शहर में रुकना नहीं चाहते को फायदा होगा। वहीं अधिक आय होने से वैष्णवों को अधिक सुविधा मिलेगी। सुझाव पर नगरपालिका बोर्ड बैठक बुला कर आम सहमति बना सकती है पार्षदों से विचार कर यात्री वाहन कर बंद कर होटलों कॉटेजों पर टैक्स लगा सकती है। शुक्रवार को कई पार्षदों ने सुझाव पत्र पर हस्ताक्षर किए।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.