लापता देवर-भाभी के आलिंगनबद्ध शव मिले

( 14606 बार पढ़ी गयी)
Published on : 22 May, 15 10:05

लापता देवर-भाभी के आलिंगनबद्ध शव मिले उदयपुर। जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता हुआ देवर-भाभी के शव पहाड़ों में आलिगंनबद्ध अवस्था में पड़े मिले। परिजन तीन दिनों से तलाश रहे थे। दोनों के पास एक विषाक्त वस्तु की बोतल भी मिली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमा (28) पुत्र नाना खराड़ी निवासी पादेड़ी और इसकी भाभी अनिता (30) पत्नी रमणलाल मीणा निवासी पादेड़ी में लम्बे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिस बारे में दोनों के परिजनों को पता था और पूर्व में समझाईश भी की जा चुकी थी। सोमा के दो और अनिता के तीन बच्चे है। दोनों तीन दिन पूर्व बिना किसी को बताएं घर से गायब हो गए थे। जिस पर परिजन दोनों को तलाश रहे थे। विवाहिता के सागवाड़ा स्थित पीहर में जाकर भी पूछताछ की थी। तलाशी के दौरान ही पादेड़ी के पहाड़ी के उपर एक झाड़ी में दोनों के शव मिले। दोनों आलिगंनबद्ध थे। दोनों के पास में मोबाईल, जूते और एक तरल पदार्थ युक्त बोतल मिली है। परिजनों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाने से जाब्ता गया और दोनों के शवों को स्थानीय चिकित्सालय में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार सुबह दोनों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इधर परिजनों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। विवाहिता का पीहर पक्ष भी मौके पर आया था। जिसके बाद शव हटाए गए।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.