7.9 की तीव्रता वाले भूकंप से नेपाल में भारी नुकसान

( 16290 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Apr, 15 15:04

7.9 की तीव्रता वाले भूकंप से नेपाल में भारी नुकसान नेपाल की राजधानी और घनी आबादी वाले काठमांडो में आज 7.9 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया जिससे भारी नुकसान होने की खबर है जहां इमारतें ढह गयीं हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दर्जनों घायल लोगों को मध्य काठमांडो के मुख्य अस्पताल में लाया गया है। हताहत लोगों की अनुमानित संख्या के बारे में तत्काल कोई सूचना नहीं है। एक स्थानीय व्यक्ति प्रचंड सौल ने बताया कि राजधानी के बीचोंबीच सदियों पुराने मंदिरों समेत कई इमारतें ढह गयीं। उन्होंने बताया कि दहशतजदा लोगों को उन्होंने गलियों में दौड़ते देखा। गलियों में एम्बुलेंसों के सायरन गूंज रहे थे और सरकारी हेलिकाप्टर आसमान में चक्कर लगा रहे थे।

राष्ट्रीय रेडियो ने और झटकों की आशंका के चलते लोगों को घरों से बाहर रहने की चेतावनी दी है। पुराने काठमांडो शहर में घनी आबादी रहती है जहां तंग गलियों में एक के ऊपर एक कई मंजिला घर बने हैं। भूकंप का केंद्र काठमांडू के उत्तर पश्चिम में 80 किलोमीटर दूर स्थित था। काठमांडू घाटी में 25 लाख लोगों की घनी आबादी रहती है और वहां मकानों की हालत खराब है। अमेरिकी जियोलोजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता में संशोधन कर इसे 7. 5 से 7. 9 बताया है और कहा है कि यह भूकंप स्थानीय समय के अनुसार पूर्वान्ह 11 बजकर 56 मिनट पर लामजुंग में आया। यह 11 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। नेपाल के साथ ही पाकिस्तान और भारत में भी भूकंप आया।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.