भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी से श्रीलंका से संबंध होंगे खराब

( 3260 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Feb, 15 08:02

कोलंबो । राजग की सहयोगी पीएमके ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के 66 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना की गिरफ्त से छुड़ाने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि इन्हें श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय जल सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पीएमके ने केंद्र को चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसी कार्रवाई से पड़ोसी देश से संबंध खराब होंगे। वहीं, श्रीलंकाई नौसेना ने दावा किया है कि 86 भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई जल सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और उनकी 10 नावों को जब्त कर लिया गया है। श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता इंडिका सिल्वा के मुताबिक 86 भारतीय मछुआरों को बृहस्पतिवार की रात मुलाइथिवु के पूर्वी तट से गिरफ्तार किया गया था। श्रीलंकाई नौसेना ने आरोप लगाया है कि श्रीलंकाई मछुआरों और भारतीय मछुआरों के बीच संघर्ष के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। श्रीलंकाई मत्स्य अधिकारी के मुताबिक मछुआरों के मुद्दे पर 5 मार्च को प्रस्तावित वार्ता स्थगित कर दी गई है। पीएमके संस्थापक रामदास ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बंगाल की खाड़ी में कोडिआकरई के पास भारतीय जल सीमा में पहले 43 भारतीय मछुआरों को पकड़ा गया उसके बाद 23 और मछुआरों को गिरफ्तार किया गया।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.