टीजिंग को लेकर शिकायत एडीएम सिटी ने लिया एक्शन

( 3064 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Jan, 15 15:01

एडीएम सिटी ने अंबामाता पुलिस को बुलाकर मौके पर ही बदमाशों को गिरफ्तार करवाया।

उदयपुर। बेटी घर की दहलीज लांघती है, तो कलेजा मुंह को आता है। इस भय का साक्षात गणतंत्र दिवस की संध्या पर खुद प्रशासन ने किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शाम फतहसागर किनारे एडीएम सिटी छोगाराम देवासी से इवनिंग वॉक पर आए बुजुर्गों ने कुछ बदमाशों की तरफ इशारा करते हुए ईव टीजिंग को लेकर शिकायत की। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन शोहदों को गिरफ्तार कर लिया। एडीएम सिटी छोगाराम देवासी रोजाना इवनिंग वॉक पर परिवार के साथ फतहसागर घूमने जाते हैं। कल शाम को वे परिजनों के साथ इवनिंग वॉक पर देवाली से रानी रोड की तरफ निकले, तब वहां कुछ शोहदे लड़कियों से छेड़छाड़ करते दिखाई पड़े। इसी समय भ्रमण पर आए कुछ बुजुर्गों ने यह नोटिस किया कि एडीएम सिटी के सामने यह सबकुछ हो रहा है, तो बुजुर्गों के समूह ने एडीएम सिटी को बताया कि यहां रोजाना लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है, लेकिन शासन की तरफ से कोई सख्ती नहीं होने से क्रगुड़ा तत्व बेखौफ है। एडीएम सिटी की बेटी ने भी उनसे इस तरह की घटनाएं आए दिन देखे जाने की बात कही। तभी वहां पर तीन बदमाश बाइक को लेकर इधर-उधर घूमते दिखाई पड़े, जिनकी बाइक के नंबर एडीएम सिटी की बेटी ने नोट कर लिए।
वहां मौजूद जन समूह की शिकायत पर एडीएम सिटी छोगाराम देवासी ने अंबामाता थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जब एडीएम सिटी वापस घर की तरफ लौट रहे थे, तब फतहसागर की पाल पर वे ही बदमाश बाइक फिर लेकर घूमते दिखाई पड़े, तो एडीएम सिटी ने अंबामाता पुलिस को बुलाकर मौके पर ही बदमाशों को गिरफ्तार करवाया।
एडीएम ने कलेक्टर को बताया हाल: एडीएम सिटी छोगाराम देवासी ने आज सुबह कलेक्टर आशुतोश पेढणेकर को फतहसागर पर आए दिन होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर श्री पेढणेकर ने एसपी अजयपाल लांबा को बुलाया और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.