बिहार सरकार को कोई पैकेज देना बेकार : अमित शाह

( 2264 बार पढ़ी गयी)
Published on : 25 Jan, 15 09:01

पटना। जद यू गठबंधन पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि बिहार में अपवित्र गठबंधन आकार लेने जा रहा है। उम्मीद है जनता उससे कोई संपर्क नहीं रखेगी और भाजपा का समर्थन कर सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। शाह शनिवार को पटना के पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज देने पर उन्होंने कहा कि मिस मैनेजमेंट (कुप्रबंधन) वाली राज्य सरकार को विशेष राज्य का दर्जा कैसे दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि नरेंद्र्र मोदी के सारे वादे बिहार में अच्छी सरकार आते ही पूरे हो जाएंगे। इससे न केवल बिहार बल्कि पूर्वी भारत के सभी राज्यों को भी लाभ मिलेगा। शाह ने कहा कि भाजपा के कारण ही बिहार अच्छे रास्ते में चल पड़ा था, सुशासन की स्थापना हुई। जदयू से भाजपा के अलग होते ही बिहार पुराने रास्ते पर चल पड़ा है, स्थिति बदतर होती जा रही है। जंगलराज आ गया है। भाजपा 185 से अधिक सीटें जीत कर सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के सवाल पर शाह ने कहा कि बिहार विधानसभा के चुनाव के बारे में पार्टी संसदीय दल तय करेगा कि नेता कौन होगा। बिहार में समय से पहले चुनाव होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अस्थिर करने का काम नहीं करेगी। भाजपा विकास व सुशासन के एजेंडे पर चुनाव लडे़गी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद महंगाई दर में कमी आई है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मोदी सरकार की जीत है।
© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.