राजस्व, उप निवेशन एवं जलसंसाधन मंत्री हेमाराम चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रयास कर रही है और इसी भावना को लेकर जन सुनवाई जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा ह। लोगों को चाहिए कि वे इन कार्यक्रमों का पूरा-पूरा लाभ लें और समस्याओं से मुक्ति प्राप्त कर स्वस्थ विकास की राह प्राप्त करें।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने बुधवार को जैसलमेर जिले के दर्जन भर गांवों में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए यह बात कही। इस दौरान् विधायक छोटूसिंह भाटी, जिलाप्रमुख अब्दुला फकीर, जिला कलक्टर एमपी स्वामी सहित जन प्रतिनिधिगण एवं जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। इन सभी की मौजूदगी में प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को तसल्ली से सुना तथा समयबद्ध समाधान के निर्देश वहां मौजूद अधिकारियों को दिए।
प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से क्षेत्र में पानी, बिजली, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राशन, शिक्षा, सडक, परिवहन आदि सभी बुनियादी सेवाओं और लोक सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की और इनकी उपलब्धता के बारे में पूछताछ की।
चौधरी ने इस दौरान् ग्रामीणों से उनके क्षेत्र की स्थिति और सरकारी योजनाओं से प्राप्त हुए लाभों तथा योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी ली तथा एक-एक कर विभिन्न योजनाओं से लाभ पाने के तरीकों, क्रियान्वयन और इनके फायदों आदि के बारे में चर्चा की।
प्रभारी मंत्री हेमाराम चौधरी के समक्ष ग्रामीणों ने क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी दी और समाधान का आग्रह किया। चौधरी ने मौके पर जिला कलक्टर एवं अन्य विभागों के अधिकारियों से उन समस्याओं पर चर्चा की और यथाशीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बतायी गई समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की कोई देरी नहीं की जाएगी। जो समस्याएं राज्य सरकार के स्तर पर हल होनी हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी और जैसलमेर जिले की सभी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरतापूर्वक प्रयासों में वे हरसंभव मदद करेंगे।
नरसिंगों की ढाणी में लखाराम नामक ग्रामीण ने बताया कि बिजली कनेक्शन कटा होने के बावजूद उसे बिल आ रहा है। इस पर जोधपुर विद्युत वितरण निगम लि. के अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समाधान कर ग्रामीण को राहत देने के निर्देश दिए गए। यहीं पर ग्रामीणों ने नरसिंगों की ढाणी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ट्यूब वैल स्थापित करने का आग्रह किया व बताया कि गांव में पानी मीठा भी है। इस पर प्रभारी मंत्री ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस मामले में समुचित कार्यवाही करें।
---000---