हनुमानगढ़. जिले के परलीका ग्राम से प्रकाशित होने वाली राजस्थानी तिमाही पत्रिका ‘कथेसर’ के इंटरनेट संस्करण का लोकार्पण अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में होगा। गौरतलब है कि राजस्थानी कहानी पर केन्द्रित इस पत्रिका का संपादन राजस्थानी के चर्चित साहित्यकार रामस्वरूप किसान व डॉ. सत्यनारायण सोनी कर रहे हैं।
पत्रिका के प्रबंध संपादक विनोद स्वामी के अनुसार 21 फरवरी को विश्व मातृभाषा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति के अंतरराष्ट्रीय संयोजक तथा राजस्थान ऐसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना) के मीडिया चेयरमैन प्रेम भंडारी अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम में ‘कथेसर’ के इंटरनेट संस्करण का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन के अमेरिका चैप्टर अध्यक्ष के.के. मेहता, राना कोषाध्यक्ष दशरथ दुग्गड़, इंडियन डायमंड कलर ऐसोसिएशन न्यूयार्क के अध्यक्ष सुशील गोयल, राना के चेयरमैन डॉ. अजय लोढ़ा तथा कनक गोलिया सहित कई प्रवासी राजस्थानी शिरकत करेंगे। पत्रिका के जन-संस्करण का लोकार्पण 26 फरवरी को परलीका मंे ही होगा।