मसलों को हल करने की जिम्मेदारी दिल्ली पर
|
This story has been read 501 times.
|
Share |
|
Tuesday 17 Nov, 2009 09:53 AM
ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया ने कहा है कि उनकी पार्टी भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध चाहती है। ताजा विवादों की ओर इशारा करते हुए जिया ने कहा कि भारत संपन्न देश है और हर मामले में हमसे ज्यादा ताकतवर है। ऐसे में उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह बांग्लादेश के साथ लंबित पड़े सभी मसलों को दूर करने के लिए पहल करे। प्रमुख विपक्षी नेता खालिदा जिया ने भारत की विदेश सचिव निरूपमा राव के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही। जिया के हवाले से उनके विदेश नीति सलाहकार शमशेर मोबिन चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, विपक्षी नेता ने कहा है कि उनकी पार्टी भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहती है। उल्लेखनीय है कि जिया की पार्टी तिपाईमुख बांध निर्माण और समुद्री सीमा विवाद को लेकर कड़ा रुख अपनाए हुए हैं। पिछले कुछ महीनों से जिया सरकार से यह मांग करती आ रही हैं कि प्रधानमंत्री शेख हसीना तिपाईमुख बांध निर्माण को रोकने के लिए भारत से दो टूक बात करें। हालांकि बांग्लादेश सरकार की ओर से भारत के संबंध में कोई तल्ख टिप्पणी नहीं की गई।
साभार / स्त्रोत -
|