पाक को लडाकू विमान बेचेगा चीन
|
This story has been read 457 times.
|
Share |
|
Thursday 12 Nov, 2009 11:01 AM
इस्लामाबाद। पाकिस्तान अब अपनी हवाई क्षमता में इजाफा की तैयारी में है। वह चीन से जे-10 श्रेणी के 36 लड़ाकू विमान खरीदने जा रहा है। इसके लिए दोनों देशों के बीच 1.4 अरब डालर (करीब 64 अरब रुपये) का अनुबंध हुआ है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है यह समझौता दोनों देशों के रक्षा संबंधों के लिए ऐतिहासिक घटना है। पाकिस्तान के क अधिकारी ने बताया कि चीन एक प्रारंभिक समझौते के तहत जे-10 श्रेणी के 36 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करेगा। इन लड़ाकू विमानों की तुलना अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमानों से की जाती है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान के पास 45 एफ-16 का बेड़ा है। इसका इस्तेमाल अशांत स्वात घाटी और दक्षिण वजीरिस्तान में आतंकवाद निरोधक कार्रवाई में किया जा रहा है। जे-10 के अलावा पाकिस्तान और चीन मिलकर जेएफ-17 लड़ाकू विमान विकसित कर रहे हैं। पाक वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल राव कमर सुलेमान ने हाल ही में कहा था कि दोनों देश आधुनिक लड़ाकू विमान जेएफ-17 या थंडर को साथ मिलकर बना रहे हैं। इस विमान के इस महीने के अंत तक तैयार होने की संभावना है। पाक वायुसेना की योजना आगामी पांच साल में 250 जेएफ-17 प्राप्त करने की है।
साभार / स्त्रोत -
|