उदयपुर। डाक खातों में जमा एक करोड रूपए से अधिक सरकारी राशि का गबन करने वाले सब पोस्टमास्टर पंकज कुमार निगम को प्रवर अधीक्षक आर.एल. मीना ने गुरूवार को निलंबित कर दिया।
सूरजपोल पुलिस ने निगम की गिरफ्तारी के बाद प्रवर अधीक्षक मीना को उसके दुराचरण की रिपोर्ट सौंपी, जिस पर निलंबन की कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि निगम को पुलिस ने मांजी की सराय, शास्त्री सर्कल व फतहपुरा डाकघर के ग्राहकों के मासिक आय योजना व बचत खातों से एक करोड की राशि निकालकर गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। विभागीय जांच में अब तक इस गबन में 94 लाख रूपए की पुष्टि हो चुकी है।
सूरजपोल थानाधिकारी सौभाग्यसिंह मय टीम ने अब तक जांच पडताल करते हुए डाकघर से निगम द्वारा फर्जी हस्ताक्षर कर उठाई गई रकम से संबंधित विड्रॉल फार्म व ग्राहकों की मूल पासबुक व अन्य दस्तावेज जुटाए हैं। इनके आधार पर पुलिस ने निगम से अलग-अलग गति में हस्ताक्षर करवाए। पुलिस अब इन हस्ताक्षर व विड्रॉल फार्म पर किए गए हस्ताक्षरों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजेगी। पुलिस का कहना है कि इस सम्पूर्ण मामले में जिन-जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही व जिम्मेदारी थी, उन सब के बारे में डाकघर प्रबंधन अपने स्तर पर कार्य करते हुए रिपोर्ट तैयार कर रहा है। विभागीय रिपोर्ट में जिन अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम आएंगे पुलिस उनके खिलाफ मामले में धारा 120 बी के तहत अलग से कार्रवाई करेगी।