उदयपुर। एमबी चिकित्सालय के स्वाइन फ्लू वार्ड में उपचाररत एक रोगी की गुरूवार दोपहर मौत हो गई। सज्जननगर निवासी 30 वर्षीय इस रोगी की हालत पिछले तीन दिन से गम्भीर थी और वह वेंटीलेटर पर था। बीते सोमवार ही उसके स्वाइन फ्लू से पीडित होने की पुष्टि हुई थी।
इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू से मरने वाले रोगियों की संख्या चार हो गई है। इधर, आरएनटी मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायलॉजी लैब में हुई जांच में नौ और रोगियों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से आठ रोगी
उदयपुर जिले के हैं जबकि एक चित्तौड का रहने वाला है।
रोगियों में एमबी चिकित्सालय परिसर में रह रहे एक वरिष्ठ चिकित्सक की डेढ वर्षीय नातिन के अलावा एक मृतक स्वाइन फ्लू रोगी के दो रिश्तेदार भी शामिल हैं। भूपालपुरा की 47 वर्षीय महिला, चांदपोल की 20 वर्षीया युवती, उत्तरी सुंदरवास के 58 वर्षीय और 20 वर्षीय पुरूष, बडगांव की 22 वर्षीया युवती, गोवर्धन विलास की 56 वर्षीय महिला, गोगुंदा के उंडीथल की 40 वर्षीया महिला सहित चित्तौड के सावा के 30 वर्षीय पुरूष के स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। ताजा मामलों के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के कुल रोगियों की संख्या 57 हो गई है जबकि सम्भाग में कुल 72 मामले सामने आए हैं और सात रोगियों की मौत हो चुकी है।