विदेशी प्रतियोगियों ने दिखाया दमखम

( Read 1074 Times)

06 Feb, 12 18:46
Share |
Print This Page

विदेशी प्रतियोगियों ने दिखाया दमखम अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर निरन्तर लोकप्रियता अर्जित करते जा रहे मरु महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को नगर के पास स्थित देदानसर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में रेगिस्तानी जहाज ऊंॅटों के कार्यक्रम जहां दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बिन्दु रहे वहीं विदेशी प्रतियोगियों ने अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत कर पुरुषों एवं महिलाओं के लिए आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिताएं जीत कर अपना लोहा मनवा लिया। मरु मेले में पहली बार आयोजित की गई सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में जैसलमेर की टीम ने श्रीगंगानगर टीम को पराजित कर विजयश्री का वरण किया। अनूठी है सर्कल कबड्डी डेजर्ट फेयर में पहली बार सम्मिलित की गई पंजाब क्षेत्र की पारम्परिक सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता के अवसर पर जैसलमेर एवं श्रीगंगानगर की टीमों के खिलाडयों ने सचमुच में अपने दमखम का शानदार प्रस्तुतिकरण किया। कबड्डी प्रतियोगिता के अन्तर्गत प्रतियोगी जब दूसरे पाले में जाता है तो वह या तो किसी प्रतियोगी को आउट कर के अपने पाले में आ जायेगा अथवा जिसे वह आउट कर रहा है वह प्रतियोगी उसे पकडकर अपने पाले में नहीं जाने देगा। इस प्रतियोगिता के अन्तर्गत टीम के अन्य सदस्य सामने वाली टीम के सदस्य को पकडने में कोई मदद नहीं कर सकते है। जैसलमेर की टीम ने 49-36 के अन्तर से श्रीगंगानगर की टीम को पराजित कर विजयश्री का वरण किया। संसदीय सचिव जयदीप डूडी, जिला कलक्टर एम.पी.स्वामी, एवं उप महानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल बलविन्द्रसिंह बाजवा ने विजेता एवं उपविजेता के टीम के सदस्यों को टॉफी, मेडल एवं स्मृति चिन्ह् भेंट किये। हॉटल रंग महल द्वारा प्रायोजित इस प्रतिष्ठापूर्ण प्रतियोगिता के अवसर पर दोनों ही टीमों के खिलाडयों ने कबड्डी के दाव-पेचों का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रस्साकशी में विदेशी हावी रहे मरु मेला कार्यक्रम के अन्तर्गत विदेशी पर्यटकों एवं देशी सैलानियों के मध्य आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता अत्यन्त रोमांचक एवं उत्साह से परिपूर्ण रही। पहले राउण्ड में भारतीयों ने पूरा दमखम लगाकर विदेशियों को अपने पाले में खींच लिया किन्तु दूसरे एवं तीसरे राउण्ड में विदेशियों ने भारतीयों को पछाडकर यह प्रतियोगिता लगातार चौथी बार जीत ली। जिला प्रमुख अब्दुला फकीर ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पारितोषिक प्रदान किए। इसी प्रकार विदेशी एवं देशी महिलाओं के मध्य आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता के अवसर पर दोनों ही राउण्ड में विदेशी महिलाएं विजयी रहीं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता विश्नोई ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये। सेव द चिल्ड्रन संस्था के तत्वाधान में आयोजित इन दोनों ही प्रतियोगिता के अवसर पर देशी विदेशी सैलानियों ने अपने-अपने प्रतियोगियों के उत्साहवर्धन के लिए जमकर करतल ध्वनि करते हुए हौसला अफजाई की। शान ए मरुधरा प्रतिस्पर्धा रही मजेदार इस अवसर पर आयोजित शान-ए-मरुधरा प्रतियोगिता के अवसर पर 7 प्रतियोगियों ने राजस्थानी जन जीवन का जीवन्त प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया है। प्रतियोगियों ने मात्र कच्छा बनियान धारण किये कडाके की ठण्ड एवं इस क्षेत्र में चल रही शीत लहर में दौड लगाकर भागते हुए अपनी धोती एवं तेवटा बांधा तथा फटाफट कमीज, साफा एवं जूते पहनकर घासिया एवं गद्दों को ऊँट पर लगाकर उस पलाण रखा तथा तंग बाधकर मंथर गति से ऊँट को दौडाकर निर्धारित 100 मीटर की दूरी को तय किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतियोगियों ने देशी-विदेशी सैलानियों के समक्ष आपात काल में राजस्थानी युवकों द्वारा तत्काल तैयार होकर अपने गन्तव्य के लिये प्रस्थान करने का प्रदर्शन प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता का प्रायोजन होटल पिथला हवेली एवं रॉयल केम्प सम द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में विजेता रहे मानाराम को उपमहानिरीक्षक सीमा सुरक्षा बल बलविन्द्रसिंह बाजवा ने 1500 रू., द्वितीय स्थान पर रहे मगनाराम को पुलिस अधीक्षक ममता विश्नोई ने 1000 रू, तथा तृतीय स्थान अर्जित करने पर सरीफ खां को ग्रेफ के ऑफिसर कमाण्डर नंद किशोर ने 500 रू, का नगद पुरस्कार प्रदान किया। विदेशी महिला पर्यटक पिछडी देदानसर मैदान में आयोजित पणिहारी मटका रेस प्रतियोगिता ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस प्रतियोगिता में 24 प्रतियोगियों ने भाग लिया, जिनमें विदेशी महिलाएं सम्मिलित थी। प्रतियोगिता के अवसर पर जहां देशी महिलाओं ने प्रतियोगिता के नियमों के अनुरूप इडाणी सर पर रखकर उस पर मटकी रख दौड लगाई मगर विदेशी महिलाओं ने हडबडी में एक हाथ इडाणी तथा एक हाथ मटकी रखकर दूरी पार की। कुछ विदेशी महिलाए जहां पानी भरी मटकी उठा ही नहीं पाई वही कुछ महिलाओं के द्वारा मटकी हाथ से छूटने के कारण फूट गई। राजस्थानी गृहिणी शिव पार्वती ने शुरूआत से ही सरपट भागते हुए आगे रखी इडाणी को अपने सर पर रखा तथा पानी से भरी मटकी को सर पर रखकर सबसे पहले निर्धारित दूरी पार कर ली। श्रीमती उषा ने द्वितीय व संतोष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कैमल पोलो में बीएसएफ रहा विजेता यह प्रतियोगिता करीम खां पायल सफारी केम्प सम द्वारा प्रायोजित की गई। इस अवसर पर केमल पोलो एसोसियेशन ऑफ इण्डिया के तत््वावधान में आयोजित केमल पोलो मैच के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल की टीम ने केमल पोलो एसोसियेशन की टीम को 1-0 से हराकर विजयश्री अर्जित की। दोनों ही टीमों के खिलाडयों ने ऊँटों पर बैठकर लम्बी-लम्बी स्टीक से फुटबाल को एक दूसरे के गोल में डालने का भरसक प्रयास किया। पूर्व पर्यटन मंत्री उषा पूनिया, संसदीय सचिव जयदीप डूडी, नगरपालिका अध्यक्ष अशोक तंवर दोनों टीमों के खिलाडयों का परिचय प्राप्त किया। जिला प्रमुख अब्दुला फकीर ने विजेता टीम को 2100 रू, तथा उपविजेता टीम को 1100 रू, ट्रॅाफी तथा प्रमाण पत्र प्रदान किये। इस अवसर पर आयोजित ऊँट श्रृंगार प्रतियोगिता में 6 प्रतियोगियों ने अपने-अपने ऊँटों को विविध श्रृंगार सामग्री सुसज्जित कर प्रतियोगिता में भाग लिया। सीमा सुरक्षा बल के ऊँटों ने पाया अव्वल स्थान सीमा सुरक्षा बल के कंवरसिंह का ऊँट सर्वाधिक सुसज्जित पाया गया तथा उसे 1500रू, का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी क्रम में सीमा सुरक्षा बल के ही प्रेमसिंह के ऊँट ने द्वितीय एवं हॉटल पेराडाईज के मीरे खां के ऊँट ने तृतीय स्थान अर्जित किया। संसदीय सचिव जयदीप डूडी एवं जिला कलक्टर एम.पी. स्वामी ने विजेता प्रतियोगियों को पुरस्कार प्रदान किये। देदानसर मैदान में आयोजित मरु मेला कार्यक्रमों के अवसर पर 75 मेकेनाईज के बैण्ड वादकों द्वारा संगीत की सुर लहरियां बिखेरी गई। इस अवसर पर पिछले 23 सालों से मरु मेला कार्यक्रमों की कमेंट्री कर रहे मारवाड रत्न से नवाजे जा चुके बुलन्द आवाज के धनी जफर खां सिन्धी ने शेरो शायरी एवं अपने हास्य व्यंग्य से परिपूर्ण भाषा शैली में दर्शकों का मनमोह लिया। गीताजंली सोनी ने अंग्रेजी भाषा में कमेट्री कर उनका साथ दिया। देदानसर में सोमवार को हुए कार्यक्रमों के अवसर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जगदीश नारायण मथुरिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर परशुराम धानका, उपखण्ड अधिकारी रमेश चन्द्र जेन्थ के साथ ही प्रशासनिक अधिकारीगण, सहायक निदेशक-पर्यटन अजीतसिंह, सीमा सुरक्षा बल, एयर फोर्स, आर्मी के अधिकारीगण प्रेस, एवं मीडिया प्रतिनिधिगण तथा भारी संख्या देशी-विदेशी सैलानी उपस्थित थे।
यह खबर निम्न श्रेणियों पर भी है: खास खबरें
Your Comments ! Share Your Openion
Latest Videos @ Pressnote.in
Rank #1 :: TEN Sports
Rank #2 :: ESPN
Rank #3 :: NEO Cricket
Rank #4 :: NEO Sports
Rank #5 :: STAR Cricket
Rank #6 :: STAR Sports
Rank #7 :: TEN Cricket
About Us
Group Edior : Mr. Virendra Shrivastava
Editor : Dr. Munesh Arora
Best Viewed in IE6+, Mozilla 3+ (1024 x 768 px)
For any queries please mail us at :
newsdesk@pressnote.in
Top 11
The Udaipur
CopyRight : Pressnote.in
WCAG