GMCH STORIES

पुर्तगाल की उम्मीद कायम

( Read 5433 Times)

21 Jun 18
Share |
Print This Page
द मॉस्को । दुनिया के सबसे करिश्माई स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के हैडर से किये जबरदस्त गोल के दम पर पुर्तगाल ने बुधवार को मोरक्को को ग्रुप बी मुकाबले में 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और नॉकऑउट दौर में जाने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा। पुर्तगाल ने स्पेन से 3-3 का ड्रॉ खेलने के बाद मोरक्को को 1-0 से हराया और अपने अंकों की संख्या चार पहुंचा दी। पुर्तगाल के टूर्नामेंट में अब तक किये गए चारों गोल रोनाल्डो के खाते से आये हैं। उन्होंने स्पेन के खिलाफ तीन गोल किये थे। रोनाल्डो ने मैच के चौथे मिनट में ही हैडर से गोल कर पुर्तगाल को जो बढ़त दिलाई वह अंत तक कायम रही। ईरान के हाथों अपना पहला मैच आत्मघाती गोल के जरिये गंवाने वाली मोरक्को की टीम ने दूसरे हाफ में बेहतर खेल दिखाया लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बराबरी का गोल नहीं मिल पाया। मोरक्को ने कई शर्तिया मौके गंवाए और लगातार दूसरी हार झेलने के बाद उसकी नॉकऑउट राउंड में जाने की उम्मीदें समाप्त हो गयी हैं। मोरक्को टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गयी है। दुनिया के सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर रोनाल्डो ने विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या सात पहुंचा दी है। उन्होंने पिछले तीन विश्व कप में एक-एक गोल किया था। इस विश्व कप में चार गोलों के साथ ही रोनाल्डो पुर्तगाल की तरफ से एक विश्व कप में सर्वधिक गोल दागने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। पुर्तगाल के यूसेबिया ने 1966 के विश्व कप में नौ गोल किये थे। मोरक्को को इस बात का गहरा अफ़सोस रहेगा कि उसने पुर्तगाल के खतरनाक स्ट्राइकर को पूरी तरह मार्क क्यों नहीं किया और दूसरे हाफ के मौकों को क्यों नहीं भुनाया। उत्तर अफ्रीकी टीम मोरक्को ने विश्व कप के लिए छह मैचों में कोई गोल खाये बिना क्वालीफाई किया था लेकिन ईरान के खिलाफ उसने इंजरी समय में आत्मघाती गोल किया और यहां चौथे मिनट में पुर्तगाल को गोल करने का मौका दे दिया। मोरक्को ने टूर्नामेंट में रोनाल्डो को बॉक्स में मार्क करने की रणनीति नहीं अपनायी थी जो उस पर भारी पड़ गयी।
Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Sports News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like