वॉशिंगटन । अब यहां जोड़ी बनाने का काम इंटरनेट करने लगा है। आप से रोमांस में डिजिटल रेवोल्यूशन कह सकते हैं। एक नए शोध के मुताबिक अमेरिका में हाल ही में हो रही कई शादियों को करवाने में ऑनलाइन डेटिंग ने अहम भूमिका निभाई है। अगर आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो नए रिश्ते शुरू करने में ऑनलाइन डेटिंग दूसरे नंबर पर पहुंच चुकी है। पहला नंबर अभी भी दोस्तों के जरिए मिले जोड़ों का है। रोसेस्टर यूनिवर्सिटी के मनोविज्ञान शोधकर्ताओं ने इस शोध को अंजाम दिया है। प्रमुख शोधकर्ता प्रोफेसर हैरी रीस ने कहा कि ऑनलाइन डेटिंग नया और सबसे रोचक तरीका बन चुका है।
इंटरनेट की मदद से लोगों को एक अच्छा और रोमांटिक रिश्ता शुरू करने में मदद मिलती है। इस तरीके की डेटिंग से लोगों को एक दूसरे के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के बारे में भी अहम जानकारियां पहले ही मिल जाती हैं। शोधकर्ताओं ने इसके लिए करीब 400 लोगों पर शोध किया। यह शोध साइकोलॉजिकल साइंस इन द पब्लिक इंट्रेस्ट जर्नल में प्रकाशित हुआ है। ऑनलाइन डेटिंग में लोगों को ढेरों लड़के-लड़कियां एक ही जगह पर मिल जाते हैं। इनमें से वे अपनी पसंद के मुताबिक किसी के साथ भी डेटिंग शुरू कर सकते हैं।