उत्तर प्रदेश की दो और बिहार की एक सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परंपरागत सीट गोरखपुर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सीट रही फूलपुर को सपा ने भाजपा से छीन लिया है। इन दोनों ही सीटों पर उपुचनाव के लिए सपा और बसपा का गठजोड़ अपने मकसद में कामयाब रहा। बसपा ने इन चुनावों में सपा को समर्थन दिया था। बदले में सपा ने राज्यसभा में मायावती को समर्थन दिया है। वहीं, बिहार की अररिया सीट लालू की पार्टी राजद ने बरकरार रखी। फूलपुर में सपा के नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने भाजपा के कौशलेंद्र सिंह पटेल को और गोरखपुर से प्रवीण निषाद ने उपेंद्र दत्त शुक्ला को हराया। कांग्रेस की दोनों सीटों पर जमानत जब्त हो गई। योगी ने कहा है कि हार के कारणों की समीक्षा होगी।
Source :