रांची | झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों पर करारा प्रहार किया है। गारू थाना क्षेत्र के पीरी चातम जंगल में सोमवार को हुई मुठभेड़ में नक्सलियों के तीन प्रशिक्षण शिविर ध्वस्त कर दिए गए। यहां से एक ट्रैक्टर सामान भी जब्त किया गया है, जिसमें हथियार और गोला-बारूद आदि शामिल हैं। मुठभेड़ में चार नक्सलियों के मारे जाने की भी सूचना है, हालांकि अभी इनके शव बरामद नहीं किए जा सके हैं। चूंकि अंधेरा घिरने तक मुठभेड़ चल रही थी इसलिए जंगल के भीतरी इलाकों में अभी सर्च ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका है। पुलिस की ओर से मुठभेड़ की कमान रांची प्रक्षेत्र के आइजी रेजी डुंगडुंग व सीआरपीएफ के बीके शर्मा ने संभाल रखी है। मामले की सूचना पाकर सीआरपीएफ के डीजी के विजय कुमार भी दोपहर हेलीकॉप्टर से पीरी चातम जंगल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। झारखंड पुलिस के आइजी अभियान सह प्रवक्ता आरके मल्लिक ने बताया कि लातेहार में पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। नक्सलियों के तीन प्रशिक्षण शिविर ध्वस्त हुए हैं। नक्सली पीछे हट रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के आसपास नक्सलियों के खून मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि नक्सली हताहत हुए हैं।