रामदेव जन्मोत्सव पर शोभायात्रा में अखाड़ा प्रदर्शन
( Read 2110 Times)
18 Sep, 12 12:54
Print This Page
भीलवाड़ा | लोकदेवता बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव भादवी दूज पर सोमवार सुबह थानकों पर पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगीं। कई जगह शोभायात्राएं निकाली गई। अखाड़ा व हैरत अंगेज करतब किए गए। भजन संध्या, छप्पनभोग व अन्य आयोजन हुए। लेबर कॉलोनी, कोली मोहल्ला, गायत्रीनगर सहित अन्य मंदिरों में सुबह हवन के बाद ध्वज चढाए गए। लेबर कॉलोनी में मेला लगाया गया। समोड़ी में संत पहाड़ीनाथजी के सानिध्य में जागरण व भजन संध्या हुई। सुबह मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई।
कोली समाज विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में कोली मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। संयुक्त सचिव मुरलीधर ने बताया कि शोभायात्रा में महावीर व्यायामशाला के मदन पहलवान के नेतृत्व में युवाओं ने अखाड़ा प्रदर्शन कर हैरत अंगेज करतब दिखाए। जिन्हें देखकर लोग दंग रह गए। शोभायात्रा के बड़ा मंदिर पहुंचने पर मदन पहलवान, बालूराम, नौरत पहलवान, गणेश पहलवान व हरिनारायण का पंचों ने साफा बंधवाकर अभिनंदन किया। महिलाएं सिर पर कलश लिए मंगल गीत गाते चल रही थीं। मुख्य मार्गों से होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर पहुंची, जहां महाआरती की गई।
यह खबर निम्न श्रेणियों पर भी है:
भीलवाड़ा