विधवाओं को राहत दिलाने बांसवाड़ा जिला प्रशासन की पहल
22 हजार 924 प्रकरण वृद्धावस्था से विधवा पेंशन में किए ट्रांसफर
जिले की करीब 23 हजार विधवाओं को अब मिलेगी दुगुनी पेंशन
उदयपुर संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा के निर्देशों पर जिला प्रशासन द्वारा विधवा पेंशन के लिए पात्र लगभग 23 हजार विधवाओं को वृद्धावस्था पेंशन के स्थान पर अब विधवा पेंशन का लाभ दिलवाने की पहल की गई है और अब तक 22 हजार 924 महिलाओं के प्रकरणों को विधवा पेंशन प्रकरण के रूप में ट्रांसफर भी किया जा चुका है। जिले में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विधवा महिलाओं को मिली राहत से क्षेत्रभर में खुशी की लहर है।
चार माह में हुई राहत की कवायद:
जिला परिषद सीईओ हर्षसावन सूखा ने बताया कि जिले में कुल 1 लाख 74 हजार 401 पेंशनर्स में से गत 30 नवंबर 2017 को 20 हजार 419 विधवा पेंशनर्स थी। इसमें से बड़ी संख्या में विधवा महिलाएं भी थी परंतु उनको वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत होने के कारण विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था। प्रशासन ने इसके लिए पंचायती राज विभागीय कार्मिकों की सहायता से सर्वे कार्य प्रारंभ किया और पिछले चार माह से लगातार अभियान रूप में कार्य करते हुए वृद्धावस्था पेंशन पा रही विधवा महिलाओं का घर-घर पहुंच कर चिह्नीकरण किया व वृद्धावस्था से विधवा पेंशन में स्थानांतरण की औपचारिकताएं करवाई गई। इसके बाद पात्र सभी महिलाओं को विधवा पेंशन खातों में स्थानांतरित किया गया।
अब 23 हजार महिलाओं को मिलेगी दुगुनी पेंशन:
सीईओ हर्षसावन सूखा ने बताया कि प्रशासन द्वारा चलाए गए अभियान के तहत आनन्दपुरी पंचायत समिति में 2 हजार 183, अरथूना पंचायत समिति में 1 हजार 534, बागीदौरा में पंचायत समिति में 1 हजार 735, ,बांसवाड़ा पंचायत समिति में 1 हजार 737, छोटी सरवन में 958, गांगड़तलाई में 1 हजार 997, गढ़ी में 3 हजार 435, घाटोल में 3 हजार 9, कुशलगढ़ में 2 हजार 726, सज्जनगढ़ में 2 हजार 360 तथा तलवाड़ा में 1 हजार 250 महिलाओं को वृद्धावस्था पेन्शन खातों से विधवा पेंशन खातों में स्थानान्तरित कर लिया गया है। अब इन समस्त महिलाओं को प्रतिमाह 500 रुपयों के स्थान पर 1 हजार रुपया पेंशन प्राप्त होगी। इस संबंध में प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि इन सभी पात्र महिलाओं को अभियान रूप में संशोधित पेंशन प्राप्त हो सके।
Source :